बिहार के कटिहार में तेज रफ्तार बस और पिकअप की आमने-सामने टक्कर, 10 की मौत, कई घायल
कटिहार/बिहार: बिहार के कटिहार जिले से एक बेहद ही दर्दनाक और भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहाँ शनिवार की शाम नेशनल हाईवे 31 पर एक तेज रफ्तार बस और पिकअप वैन के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस भयानक टक्कर में अब तक 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी है, जबकि दो दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका है।
ओवरटेक करने के चक्कर में हुआ हादसा
यह भीषण हादसा कोढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे 31 पर बासगढ़ा चौक के पास हुआ। मिली जानकारी के अनुसार, एक तेज रफ्तार बस ओवरटेक करने का प्रयास कर रही थी, उसी दौरान सामने से आ रही पिकअप वैन से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि पिकअप वैन के परखच्चे उड़ गए। पिकअप में सवार 10 लोगों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में दो पुरुष, पांच महिलाएं और एक दस वर्षीय बच्ची शामिल है।
झारखंड से लौट रहे थे पिकअप सवार श्रद्धालु
बताया जा रहा है कि पिकअप वैन में करीब 22 लोग सवार थे, जो झारखंड से कठिया मेला धाम करके वापस लौट रहे थे। इनमें रानीपतरा के सूहवा और हसनगंज प्रखंड के सपनी गांव के लोग शामिल थे। यह हादसा शाम लगभग साढ़े 6 बजे हुआ। पिकअप के परखच्चे उड़ते ही सड़क पर चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोग तुरंत राहत और बचाव कार्य में जुट गए।
बाइक सवार की भी मौत, घायलों की हालत गंभीर
इस हादसे के दौरान बस की चपेट में आने से एक बाइक सवार सदानंद मुर्मू उर्फ राजेश (40) की भी मौके पर ही मौत हो गई। वे बरहरा कोठी क्षेत्र से एक कार्यक्रम से लौट रहे थे। कटिहार के एसपी शिखर चौधरी ने बताया कि मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कोढ़ा में भर्ती कराया गया, जहाँ कई लोगों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। पुलिस अधीक्षक के अनुसार, मृतकों की संख्या अभी 10 बताई जा रही है, मगर यह बढ़ सकती है। सभी गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया स्थित अस्पताल भेजने की तैयारी की जा रही है।
इसे भी पढ़ें: आशा भोसले को कार्डियक अरेस्ट, मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती, हालत नाजुक
आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया जाम
हादसे के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया और गुजर रही बसों पर अपना गुस्सा जताया। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुँचा और स्थिति को नियंत्रित करते हुए जाम हटवाया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जाँच में जुटी है और हादसे के असली कारणों का पता लगाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग एंबुलेंस उपलब्ध करवाकर घायलों को अस्पताल पहुँचाने में लगा है, वहीं मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लाया जा रहा है। इस भयानक हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है।
इसे भी पढ़ें: देवरिया, अंबेडकरनगर समेत तीन IPS अधिकारियों के तबादले
