Lucknow murder case: बेटे अक्षत ने कबूला जुर्म, लेकिन रिश्तेदारों ने उठाए सवाल, महिला विवाद की भी चर्चा तेज

Lucknow murder case

Lucknow murder case: राजधानी लखनऊ में कारोबारी मानवेंद्र सिंह की हत्या के बाद उनके शव के टुकड़े कर नीले ड्रम में बंद करने की सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया है। पुलिस ने आरोपी बेटे अक्षत को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने हत्या की बात कबूल कर ली है, लेकिन अब इस हत्याकांड को लेकर कई सवाल उठने लगे हैं।

आरोपी बेटे अक्षत का दावा है कि पिता उस पर नीट की तैयारी का दबाव बना रहे थे, इसी से तंग आकर उसने यह कदम उठाया। लेकिन परिवार के करीबी रिश्तेदार और मोहल्ले वाले इस वजह को मानने को तैयार नहीं हैं। उनका कहना है कि इस हत्या के पीछे कोई और ही वजह है।

कहीं महिला विवाद तो नहीं बना वारदात की वजह

मोहल्ले वालों और करीबी रिश्तेदारों के मुताबिक, मानवेंद्र सिंह की एक महिला से करीबियां थीं। इसका विरोध बेटे अक्षत और उसके घरवाले करते थे। अक्सर इसी महिला को लेकर दोनों में झगड़ा होता था।

हत्या से दो दिन पहले भी ऐसा ही एक विवाद हुआ था। मानवेंद्र अपने व्यवसायिक पार्टनर के साथ कार से लौट रहे थे, तभी उनके पास उस महिला का फोन आया। फोन पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद जब मानवेंद्र घर पहुंचे तो बेटे अक्षत से उनका झगड़ा हुआ था। मानवेंद्र के बहनोई एसके सिंह भदौरिया ने भी संकेत दिया कि हत्या की वजह कुछ और है। उन्होंने कहा कि जांच में सारी बातें सामने आ जाएंगी।

सबूत मिटाने के लिए दीवार पर किया पेंट

पुलिस जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। गोली सिर में मारे जाने के कारण दीवार पर खून के छींटे और मांस के लोथड़े चिपक गए थे। अगले दिन 20 फरवरी को अक्षत बाजार से पेंट लाया और सबूत मिटाने के लिए दीवार पर पेंट कर दिया। पुलिस को कमरे की दीवार पर ताजा पेंट के निशान मिले हैं।

इसे भी पढ़ें: 19 बच्चों के बाद 65 साल के हकीम 26 की लड़की से रचाई चौथी शादी

पोस्टमार्टम में क्या खुलासा

डॉक्टरों की टीम ने मंगलवार को वीडियोग्राफी के बीच शव का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों के मुताबिक, शव करीब तीन दिन पुराना था और पूरी तरह गल चुका था। सूर्यास्त हो जाने के कारण शव को मॉर्च्युरी में रख दिया गया है। बुधवार को शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा।

पिता बोले- कुछ नहीं बोलेंगे

मानवेंद्र की हत्या की सूचना पर उनके पिता मंगलवार को जालौन से लखनऊ पहुंचे। उन्होंने हत्या के बारे में कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया। वहीं, मोहल्ले में इस घटना को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। घर के पास बने पार्क में लोगों का जमावड़ा लगा रहा और हर कोई इस सनसनीखेज हत्याकांड पर चर्चा करता नजर आया।

इसे भी पढ़ें: Basti News: 13 और 14 साल की रेप पीड़िताओं ने दिया बच्चों को जन्म

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...