वार्षिक एथलेटिक प्रतियोगिता के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने दिखाया दम, अंकुर और सिद्रा ने मारी बाजी
Newschuski Digital Desk: प्रयागराज शहर में आयोजित हो रही वार्षिक एथलेटिक प्रतियोगिता के दूसरे दिन का शानदार आगाज शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) थॉमस अब्राहम द्वारा किया गया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की प्रेरणा दी। उद्घाटन समारोह के बाद विभिन्न स्पर्धाओं के फाइनल मुकाबले शुरू हुए, जिसमें खिलाड़ियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली।
1500 मीटर दौड़: अंकुर यादव बने चैंपियन
दिन की सबसे रोमांचक स्पर्धाओं में से एक 1500 मीटर पुरुष फाइनल दौड़ रही। इसमें अंकुर यादव ने अपनी रफ्तार और स्टैमिना का लोहा मनवाते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, विवेक कुमार त्रिपाठी दूसरे और सौर्य कुंवर तीसरे स्थान पर रहकर अपनी जगह पक्की करने में सफल रहे।
भाला फेंक (पुरुष): विवेक सिंह चौहान का सटीक निशाना
पुरुष वर्ग की भाला फेंक (Javelin Throw) प्रतियोगिता में विवेक सिंह चौहान ने सबसे लंबी दूरी तक भाला फेंककर गोल्ड पर कब्जा जमाया। अनमोल मिश्रा ने कड़ी चुनौती पेश करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि अंजनी कुमार सिंह को तृतीय स्थान से संतोष करना पड़ा।
इसे भी पढ़ें: भाड़े के पहलवान से नहीं जीता जाता अखाड़ा
भाला फेंक (महिला): सिद्रा अफजल ने लहराया परचम
महिला वर्ग की भाला फेंक प्रतियोगिता में भी बेटियों ने जबरदस्त प्रतिभा दिखाई। सिद्रा अफजल ने अपने बेहतरीन थ्रो के साथ पहला स्थान हासिल किया। प्रियल द्विवेदी दूसरे स्थान पर रहीं और अक्षिता तिवारी ने तीसरा स्थान प्राप्त कर पदक तालिका में अपना नाम दर्ज कराया।
इसे भी पढ़ें: इविंग क्रिश्चियन कॉलेज में वार्षिक एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आगाज
