बस्ती में विराट हिंदू सम्मेलन, संघ नेता ने समाज से जागरूक, संगठित और सक्रिय रहने का किया आह्वान
Basti News: हिंदू समाज में एकता मजबूत करने और सनातन संस्कृति के संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए दुबौलिया बाजार स्थित स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज के परिसर में सोमवार को एक विशाल हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से हुई। इस मौके पर मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस), गोरक्ष प्रांत के प्रांत प्रचार प्रमुख सुशील जी ने लोगों को संबोधित किया।
संस्कृति की रक्षा जागरूकता से ही संभव
सुशील ने अपने संबोधन में कहा कि सनातन संस्कृति की रक्षा तभी संभव है जब हिंदू समाज जागरूक, संगठित और सक्रिय रहेगा। उन्होंने साफ किया कि हिंदुत्व किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानवता, सहिष्णुता और सद्भाव का संदेश देता है। उन्होंने समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए पंच परिवर्तन के सिद्धांत पर विस्तार से चर्चा की।

सामाजिक समरसता: जाति, वर्ग, भाषा और क्षेत्र के भेद मिटाकर समाज में एकता और भाईचारा कायम करना।
पर्यावरण के अनुकूल जीवन: प्रकृति के साथ तालमेल बनाकर रहना और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करना।
कुटुंब प्रबोधन: पारिवारिक मूल्यों को मजबूत रखना। परिवार के साथ नियमित संवाद और चिंतन करना।
नागरिक कर्तव्य: स्वच्छता, अनुशासन और सेवा को अपनी आदत बनाना। एक जिम्मेदार और कर्तव्यनिष्ठ नागरिक बनना।
इसे भी पढ़ें: ग्रामीणों ने मतदाता सूची में अवैध नामांकन का लगाया आरोप, सौंपा ज्ञापन
स्वदेशी एवं स्वावलंबन: स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देना और आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ना।
सम्मेलन की अध्यक्षता जगन्नाथ वर्मा ने की जबकि संचालन संघ के सह जिला कार्यवाह प्रमोद ने किया। इस अवसर पर सावित्री सिंह, अयोध्या धाम के श्याम धर महाराज, संघ के जिला प्रचारक राघवेंद्र, हरेंद्र सिंह सहित क्षेत्र के सैकड़ों सम्मानित नागरिक, समाजसेवी और पदाधिकारी मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें: ईरान में आंदोलन को कुचलने के लिए खौफनाक बासिज बल तैनात
