देहरादून: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में पुरोला क्षेत्र में रविवार को देर रात डामटा के पास यात्रियों से भरी एक बस गहरी खाई में गिर गई। इस बस हादसे में 25 यात्रियों की मौत हो गई। वहीं, घायलों में तीन की हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है सभी यात्री मध्य प्रदेश के थे। इस भयंकर हादसे का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बस खाई में पड़ा हुआ दिखाई दे रहा है। उत्तरकाशी के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल के मुताबिक सभी श्रद्धालु यमुनोत्री धाम के दर्शन के लिए जा रहे थे। ये श्रद्धालु मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के रहने वाले थे।

घटना की जानकारी होते ही पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीमें मौके पर पहुंच गईं। यहां युद्धस्तर पर बचाव और राहत कार्य चलाया गया। बताया जा रहा है कि खाई में गिरी बस के परखच्चे उड़ गए और जमीन यात्रियों के शवों से पट गई। मंजर इतना भयावह था कि देखने वालों की रूह कांप उठी।

इसे भी पढ़ें: पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगतों की आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए जिला प्रशासन को पीडितों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उत्तरकाशी के यमुनोत्री मार्ग पर हुए बस हादसे की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री राज्य सचिवालय स्थित आपदा कंट्रोल रूम पहुंचे और अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में और तेजी लाने के निर्देश दिए।

मुआवजे का एलान

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुर्घटना में मारे गए तीर्थयात्रियों के परिजनों को एक लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए देने का एलान किया है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आफिस के तरफ से भी मुआवजे का एलान किया गया है। प्रधानमंत्री की तरफ से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख और घायलों को 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता की जाएगी। इधर उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने भी बस हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतक के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।

इसे भी पढ़ें: पर्यावरण बचाने के लिए किया प्रेरित

Spread the news