ट्रंप ने ईरान को दी धमकी, होर्मुज नहीं खोला तो तबाह कर देंगे

donald trump iran hormuz strait threat

वाशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ जारी सैन्य तनाव के बीच एक बार फिर बड़ी धमकी दी है। ट्रंप ने साफ कहा है कि अगर ईरान समझौते की राह पर नहीं आता और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को व्यापार के लिए नहीं खोलता है, तो उसे बेहद गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में ईरान को तबाही उठानी पड़ेगी।

ट्रंप ने यह धमकी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट के जरिए दी है। पिछले एक महीने से जारी युद्ध ने पूरी दुनिया की चिंताएं बढ़ा दी हैं। वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए यह युद्ध विनाशकारी साबित हो रहा है और सुलह के आसार फिलहाल नहीं दिख रहे हैं।

ट्रंप ने अपनी पोस्ट में कहा, अमेरिका एक ‘नए और ज्यादा समझदार’ शासन के साथ गंभीर बातचीत कर रहा है, ताकि ईरान में सैन्य ऑपरेशन खत्म किए जा सकें। इसमें काफी प्रगति हुई है, लेकिन अगर किसी वजह से जल्द ही कोई समझौता नहीं हो पाता है और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज तुरंत व्यापार के लिए नहीं खुलता है, तो हम ईरान को इस तरह खत्म करेंगे कि उनके सभी बिजली पैदा करने वाले प्लांट, तेल के कुएं और खार्ग द्वीप (और शायद पानी को मीठा करने वाले सभी प्लांट भी) को बम से उड़ाकर पूरी तरह तबाह कर देंगे।

ट्रंप ने यह भी कहा कि यह सब उन्होंने अभी तक जान-बूझकर हाथ नहीं लगाया है। उन्होंने इसे उन अमेरिकी सैनिकों और अन्य लोगों की मौत का बदला बताया, जिन्हें ईरान ने पुराने शासन के 47 साल के आतंक के दौरान मार डाला था।

खार्ग द्वीप पर कब्जे की बात भी दोहराई

इससे पहले एक इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा था कि अमेरिकी फोर्स फारस की खाड़ी में स्थित ईरान के प्रमुख तेल क्षेत्र खार्ग द्वीप को आसानी से अपने नियंत्रण में ले सकती है। उन्होंने कहा, हो सकता है कि हम खार्ग द्वीप पर कब्जा कर लें, हो सकता है कि ऐसे न भी करें। हमारे पास कई विकल्प हैं। इसका मतलब यह भी होगा कि हमें कुछ समय के लिए वहां रहना होगा।

जब उनसे पूछा गया कि ईरान ने वहां एक मजबूत सैन्य ढांचा बना रखा है, तो ट्रंप ने कहा, मुझे नहीं लगता कि उनके पास कोई रक्षा व्यवस्था है। हम इसे बहुत आसानी से अपने कब्जे में ले सकते हैं।

इसे भी पढ़ें: देश अब नक्सलमुक्त: लोकसभा में अमित शाह का बड़ा ऐलान

ईरान ने दी जवाबी चेतावनी

बता दें कि अमेरिका पहले भी खार्ग द्वीप पर सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर हवाई हमले कर चुका है। वहीं, ईरान ने धमकी दी है कि अगर अमेरिकी सेना उसकी धरती पर कदम रखती है तो वह खाड़ी के अरब देशों पर जमीनी आक्रमण करेगा और नए हमले करेगा।

ट्रंप के इस ताजा बयान के बाद अंतरराष्ट्रीय समुदाय में चिंता बढ़ गई है। अब देखना यह है कि ईरान इस धमकी पर कैसी प्रतिक्रिया देता है और क्या दोनों देशों के बीच युद्धविराम की कोई संभावना बन पाती है। फिलहाल होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले वैश्विक व्यापार पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं।

इसे भी पढ़ें: यूपी में 27 IPS अधिकारियों के तबादले, कई जिलों के SP- SSP बदले

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...