नौ साल में बदल गया यूपी का चेहरा, सीएम योगी बोले- आज न दंगे होते हैं, न कर्फ्यू लगता है
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने आज (बुधवार को) अपने 9 साल पूरे कर लिए हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मीडिया से बातचीत में अपनी सरकार की उपलब्धियों का बखान किया। उन्होंने कहा कि पिछले 9 साल में प्रदेश ने हर क्षेत्र में तरक्की की है और अब यूपी दंगों के बजाय विकास के लिए जाना जाता है।
यूपी की नई पहचान विकास है
सीएम योगी ने कहा, पिछले 9 साल में हमने सुरक्षा, रोजगार, कल्याणकारी योजनाओं और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में जो काम किए हैं, उनसे उत्तर प्रदेश को एक नई पहचान मिली है। आज प्रदेश में नवरात्र और रमजान दोनों त्योहार शांति और शालीनता से मनाए जा रहे हैं। कहीं कोई तनाव नहीं, कोई दंगा नहीं, कोई कर्फ्यू नहीं। यही अच्छे कानून-व्यवस्था का नतीजा है।
#WATCH | Lucknow | Uttar Pradesh CM Yogi Adityanath says, "Under the Jal Jeevan Mission (JJM), an initiative has been taken to provide pure drinking water to even the last person in the village. In today's MoU program being done between the Central and State Government for the… pic.twitter.com/qVthKjhmcl
— ANI (@ANI) March 18, 2026
जेवर एयरपोर्ट का 28 मार्च को उद्घाटन
सीएम योगी ने बड़ी जानकारी देते हुए बताया कि जेवर एयरपोर्ट (नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट) का उद्घाटन 28 मार्च को होगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र भेजा गया है। यह एयरपोर्ट प्रदेश के विकास में एक और मील का पत्थर साबित होगा।
पहले युवा करते थे पलायन, अब लौट रहे हैं
मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा, 9 साल पहले उत्तर प्रदेश में युवाओं की पहचान का संकट था। सबसे उपजाऊ राज्य होने के बावजूद किसान खुदकुशी कर रहे थे। बेटियां सुरक्षित नहीं थीं, व्यापारियों के पास सुरक्षा नहीं थी और युवा पलायन करने को मजबूर थे। आज स्थिति बदल गई है। हमने भर्तियों में पारदर्शिता लाई है और पलायन रुका है।
PAC की 34 कंपनियां हुईं पुनर्जीवित
सीएम योगी ने कानून-व्यवस्था पर बात करते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने दंगाइयों के खौफ के नाम पर पीएसी (प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी) की कई कंपनियां खत्म कर दी थीं। हमने 34 कंपनियों को पुनर्जीवित किया और पहली बार तीन महिला बटालियन भी बनाईं।
10 हजार गांवों में पाइपलाइन से पहुंचा पानी
जल जीवन मिशन की सफलता पर सीएम ने बताया कि प्रदेश के 1,05,000 राजस्व गांवों में से 10 हजार से ज्यादा गांवों में पाइपलाइन के जरिए शुद्ध पेयजल पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया गया है कि स्कीम पूरी होने के बाद 10 साल तक ठेकेदार और एजेंसियां इसके रखरखाव के लिए जिम्मेदार रहेंगी।
AI से पता चली इंसेफेलाइटिस से मौतों की वजह
सीएम योगी ने पूर्वी यूपी में इंसेफेलाइटिस से होने वाली मौतों का जिक्र करते हुए कहा, पूर्वी उत्तर प्रदेश में हर साल इंसेफेलाइटिस से हजारों मौतें होती थीं। जब हमने AI टूल की मदद से डेटा एनालिसिस किया, तो पता चला कि खुले में शौच और अशुद्ध पेयजल इसकी मुख्य वजह है।
इसे भी पढ़ें: BHAVYA योजना को केंद्र सरकार ने दी मंजूरी
उन्होंने बताया, जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन के तहत हर घर में शौचालय और नल का कनेक्शन दिया गया। नतीजा यह हुआ कि पिछले 40 साल में जिन इलाकों में 50 हजार से ज्यादा मौतें हुई थीं, वहां पिछले 5 साल में यह आंकड़ा शून्य पर आ गया।
बजट 9 लाख करोड़ के पार
सीएम योगी ने कहा कि 9 साल पूरे होने के मौके पर हमने 9 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का बजट पेश किया है, जो प्रदेश की विकास यात्रा का सूचक है। उन्होंने कहा, 9 शुभ अंक है और यह पूर्णता का परिचायक है। हम लगातार विकास की ओर बढ़ रहे हैं।
इसे भी पढ़ें: युद्धकाल का संकट, राजनीति और नागरिक कर्तव्य
