कर्नाटक में 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया बैन
बेंगलुरू: देश में पहली बार किसी राज्य ने बच्चों को सोशल मीडिया की लत से बचाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने बजट सत्र के दौरान विधानसभा में घोषणा की कि अब राज्य में 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है।
सीएम सिद्धारमैया ने कहा कि बच्चों पर मोबाइल फोन और सोशल मीडिया के बढ़ते दुष्प्रभावों को देखते हुए यह कठोर कदम उठाना जरूरी हो गया था। उन्होंने बताया कि अत्यधिक स्क्रीन टाइम, साइबर बुलिंग, मेंटल हेल्थ पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभाव और बच्चों की पढ़ाई-लिखाई पर असर को ध्यान में रखते हुए यह प्रतिबंध लगाया गया है।
देश का पहला राज्य
इस फैसले के साथ ही कर्नाटक देश का पहला राज्य बन गया है, जहां बच्चों के लिए सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर कानूनी रोक लगाई गई है। हालांकि, गोवा, महाराष्ट्र और बिहार में भी इस दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं। इन राज्यों में स्टेकहोल्डर्स के साथ चर्चा करने और जरूरी कानून बनाने के लिए टास्क फोर्स का गठन किया गया है।
ऑस्ट्रेलिया मॉडल पर हुआ काम
पिछले महीने सीएम सिद्धारमैया ने राज्य के हायर एजुकेशन काउंसिल के वाइस चांसलर से चर्चा करते हुए ऑस्ट्रेलिया का उदाहरण दिया था, जहां उम्र के हिसाब से सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर प्रतिबंध है। इसी अंतरराष्ट्रीय मॉडल को स्टडी करने के बाद यह फैसला लिया गया।
इसे भी पढ़ें: एकतरफा प्यार में छात्रा को गोली मारने वाला आरोपी एनकाउंटर में घायल
केंद्र सरकार भी कर रही तैयारी
पिछले महीने नई दिल्ली में आयोजित AI समिट के दौरान केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी कहा था कि भारत में उम्र के हिसाब से सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लगाने की तैयारी चल रही है। उन्होंने कहा कि कई देशों ने माना है कि सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर एज बेस्ड प्रतिबंध लगाना बेहद जरूरी है।
बेंगलुरू में बनेगा AI इनोवेशन जोन
अपने बजट भाषण में सीएम ने यह भी घोषणा की कि IISC के तहत इसरो और Keonics के सहयोग से बेंगलुरु में रोबोटिक्स और एआई इनोवेशन जोन स्थापित किया जाएगा। यह कैंपस रोबोटिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में नए प्रयोगों और नवाचारों का केंद्र होगा।
इसे भी पढ़ें: शांति की अपील पर ट्रोल हुईं नोरा फतेही का करारा जवाब
