ब्रज क्षेत्र में तस्करों ने गौ-रक्षक संत बाबा चंद्रशेखर को गाड़ी से कुचलकर मार डाला, भड़के सीएम योगी
Mathura News: मथुरा के कोसीकलां क्षेत्र में शनिवार तड़के एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। प्रसिद्ध गौ-रक्षक संत बाबा चंद्रशेखर (फरसा वाले बाबा) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। उनके समर्थकों ने सीधा आरोप लगाया है कि गौ-तस्करों ने एक सोची-समझी साजिश के तहत बाबा को गाड़ी से कुचलकर मार डाला है। इस घटना के बाद पूरे ब्रज क्षेत्र में तनाव व्याप्त हो गया है और गुस्साई भीड़ ने दिल्ली-आगरा हाईवे पर जाम लगा दिया है।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 4 बजे बाबा चंद्रशेखर को सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर गायों को लेकर भाग रहे हैं। सूचना मिलते ही बाबा बिना समय गंवाए अपनी बाइक से तस्करों का पीछा करने निकल पड़े। वारदात कोटवन चौकी क्षेत्र के ग्राम नवीपुर के पास हुई। बताया जा रहा है कि पीछा करने के दौरान तस्करों ने बाबा की बाइक को जोरदार टक्कर मारी और उन्हें अपनी गाड़ी से रौंदते हुए फरार हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाबा चंद्रशेखर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
एक आरोपी दबोचा, तीन फरार
घटना के तुरंत बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय ग्रामीणों और गौ-रक्षकों ने तत्परता दिखाते हुए एक युवक को पकड़ लिया, जिसे पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पकड़े गए युवक का संबंध दूसरे समुदाय से बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि तीन अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। फिलहाल पुलिस की कई टीमें फरार आरोपियों की तलाश में अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
मथुरा, उत्तर प्रदेश: 'फरसा वाले बाबा' की मौत के बाद छाता नेशनल हाईवे पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया। pic.twitter.com/XJySYqwiZw
— IANS Hindi (@IANSKhabar) March 21, 2026
हाईवे पर पथराव और पुलिस के साथ झड़प
बाबा की मौत की खबर फैलते ही सैकड़ों की संख्या में हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता और गौ-भक्त दिल्ली-आगरा हाईवे (NH-19) पर जमा हो गए। प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान स्थिति तब बिगड़ गई जब आक्रोशित भीड़ ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया, जिससे मौके पर भगदड़ मच गई। हालात को काबू में करने के लिए भारी संख्या में पीएसी और पुलिस बल तैनात किया गया है। आला अधिकारी लगातार प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश कर रहे हैं।
इसे भी पढ़ें: पुष्कर में आतंकवाद के सफाए और विश्व शांति के लिए 43 दिन का शत गायत्री पुरश्चरण महायज्ञ शुरू
अंतिम दर्शन को उमड़ी भीड़
बाबा चंद्रशेखर के पार्थिव शरीर को कोसी से आंजनौख गौशाला ले जाया जा रहा है। बाबा अपनी निडरता और गौ-सेवा के लिए पूरे क्षेत्र में विख्यात थे। उनके निधन से ब्रज के संतों और ग्रामीण इलाकों में गहरा दुख है। ग्रामीणों का कहना है कि बाबा हमेशा गौ-वंश की रक्षा के लिए तत्पर रहते थे और आज इसी सेवा के दौरान उन्होंने अपने प्राणों की आहुति दे दी।
CM योगी ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मथुरा की घटना का संज्ञान लिया है और अधिकारियों को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आरोपियों को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा, जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी और त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें: भारत पेट्रोलियम ने शुरू किया LPG ATM, 2 मिनट में मिलेगा भरा सिलेंडर
