SDM पर रौब जमा रहा था रविकिशन का फर्जी PSO, अफसर ने भिजवाया जेल
Raibareli News: रायबरेली जिले की डलमऊ तहसील में एक युवक को खुद को गोरखपुर सांसद रवि किशन का पीएसओ (पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर) बताकर एसडीएम पर रौब झाड़ना भारी पड़ गया। आरोपी एसडीएम पर अनैतिक काम के लिए दबाव बना रहा था, लेकिन एसडीएम ने पुलिस बुलाकर उसे जेल भिजवा दिया।
डलमऊ तहसील परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने खुद को गोरखपुर सांसद रवि किशन का पीएसओ बताकर एसडीएम पर रौब झाड़ना शुरू कर दिया। एसडीएम सत्येंद्र सिंह का कहना है कि आरोपी खुद को वीआईपी बताकर अनैतिक काम के लिए दबाव बना रहा था।
जब एसडीएम ने उससे परिचय पूछा, तो उसने बताया कि वह गोरखपुर सांसद रवि किशन का पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर है। हालांकि, उसका आईडी कार्ड संदिग्ध लगा। जब इसकी जांच की गई, तो वह फर्जी पाया गया।
सांसद से कराई पड़ताल
एसडीएम सत्येंद्र सिंह ने बताया कि सूरज सिंह का आईकार्ड देखने पर कुछ संदिग्ध लगा। इस पर उन्होंने सूरज सिंह को कुर्सी पर बैठाकर दूसरे कमरे में जाकर सांसद रवि किशन से संपर्क किया और इसकी पड़ताल की।
पूछताछ में सांसद रवि किशन ने सूरज सिंह नाम के आदमी को पहचानने से ही इनकार कर दिया और आईकार्ड को भी फर्जी बताया। इसके बाद एसडीएम ने तथाकथित सुरक्षाकर्मी को गिरफ्तार कराने के लिए पुलिस बुला ली।
इसे भी पढ़ें: अमित शाह के रोड शो के दौरान भिड़े BJP और TMC कार्यकर्ता
गिरफ्तारी के बाद माफी मांगने लगा युवक
सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी सूरज सिंह को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद सूरज सिंह अपने किए पर शर्मिंदगी जताते हुए माफी मांगने लगा, लेकिन एसडीएम सत्येंद्र सिंह ने उसे जेल भेजने का आदेश दे दिया।
आरोपी की पहचान लालगंज थानाक्षेत्र के गांव मधुकरपुर निवासी सूरज सिंह पुत्र भोला सिंह के रूप में हुई है। एसडीएम सत्येंद्र सिंह ने साफ कहा कि शासन की मंशानुरूप कार्य होगा, अनैतिक दबाव किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं होगा। एसडीएम की इस सख्त कार्रवाई से तहसील में हड़कंप मच गया। एक तरफ जहां आरोपी वीआईपी बनने का दिखावा कर रहा था, वहीं एसडीएम ने उसे सबक सिखाने में कोई देरी नहीं की। यह घटना उन लोगों के लिए एक चेतावनी है जो फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर सरकारी अधिकारियों पर दबाव बनाने की कोशिश करते हैं।
इसे भी पढ़ें: भोंदू बाबा के साथ मुस्लिम महिलाओं के अश्लील वीडियो वायरल
