मुंबई। अभिनेता चंद्रशेखर का बुधवार को उम्र संबंधी परेशानियों के कारण निधन हो गया। वह 98 वर्ष के थे। चंद्रशेखर ने टेलिविजन के लोकप्रिय पौराणिक धारावाहिक ‘रामायण’ में आर्य सुमंत की भूमिका निभायी थी। चंद्रशेखर के बेटे एवं निर्माता अशोक शेखर के अनुसार अभिनेता चंद्रशेखर ने सुबह करीब सात बजे अपने घर पर अंतिम सांस ली। शेखर ने बताया कि नींद में ही उनका निधन हो गया। जैसा कि वह चाहते थे, परिवार उनके पास मौजूद था। उन्हें कोई बीमारी नहीं थी, यह केवल उम्र की वजह से हुआ। उन्होंने एक अच्छा जीवन जिया। उन्होंने बताया कि अभिनेता का अंतिम संस्कार शाम को जुहू के पवन हंस श्मशान घाट में किया जाएगा।

100 से अधिक ​फिल्मों में किया रोल

हैदराबाद में जन्मे चंद्रशेखर ने 1950 के दशक की शुरुआत में बतौर बाल कलाकार अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की। 1954 में आई फिल्म ‘सुंरग’ में वह पहली बार मुख्य अभिनेता की भूमिका में नजर आए। चंद्रशेखर ने टीवी पर निर्देशक रामानंद सागर के 1987 में आए धारावाहिक ‘रामायण’ में राजा दशरथ के प्रधानमंत्री आर्य सुमंत की भूमिका निभाई थी, जिससे उन्हें काफी लोकप्रियता मिली। चंद्रशेखर ने 100 से अध‍िक फिल्‍मों में छोटे-बड़े रोल किए। लेकिन उनकी निजी जिंदगी बहुत संघर्षों से भरी रही। चंद्रशेखर की 13 साल की उम्र में ही शादी हो गई थी। वह पढ़ना चाहते थे, लेकिन 7वीं कक्षा तक की ही पढ़ाई कर पाए। इसके बाद चंद्रशेखर की ऐक्टिंग में एंट्री हो गई।

Spread the news