पत्रकार हत्याकांड में राम रहीम बरी, हाई कोर्ट ने पलटा निचली अदालत का फैसला
चंडीगढ़: डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम को पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट से शनिवार को बड़ी राहत मिली है। हाई कोर्ट ने पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड में उन्हें बरी कर दिया है। यह मामला साल 2002 में हरियाणा के सिरसा में हुई पत्रकार की हत्या से जुड़ा है।
हाई कोर्ट ने पलटा निचली अदालत का फैसला
गौरतलब है कि सीबीआई की विशेष अदालत ने 2019 में इसी मामले में गुरमीत राम रहीम और तीन अन्य को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। हाई कोर्ट ने अब उस फैसले को पलटते हुए राम रहीम को सभी आरोपों से मुक्त कर दिया है। राम रहीम के वकील जितेंद्र खुराना ने इस फैसले की पुष्टि की।
इसे भी पढ़ें: हिंदू नाम बताकर युवती को फंसाया, फिर धर्म परिवर्तन कराकर खिलाया गाय का मांस
पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की अक्टूबर 2002 में सिरसा में उनके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उनके अखबार ‘पूरा सच’ ने एक गुमनाम पत्र प्रकाशित किया था, जिसमें डेरा मुख्यालय में महिला अनुयायियों के कथित यौन शोषण का आरोप लगाया गया था। इसी के बाद यह हत्या हुई थी।
बलात्कार के मामले में पहले से सजायाफ्ता
हालांकि, पत्रकार हत्याकांड में राहत मिलने के बावजूद गुरमीत राम रहीम अभी भी दो शिष्याओं से बलात्कार के मामले में सजा काट रहा है। 2017 में उसे इस केस में 20 साल की सजा सुनाई गई थी। वह फिलहाल हरियाणा के रोहतक स्थित सुनारिया जेल में बंद है और समय-समय पर पैरोल पर बाहर आता रहता है।
इसे भी पढ़ें: युवा रैपर और काठमांडू के मेयर बालेंद्र शाह के हाथ होगी नेपाल की कमान
