रेलवे ने बदले कन्फर्म टिकट कैंसिल के नियम, बोर्डिंग स्टेशन बदलने को भी मिलेगा और वक्त
नई दिल्ली: अगर आप भी ट्रेन का सफर करते हैं और कभी-कभी प्लान बदलने की वजह से टिकट कैंसिल करना पड़ जाता है, तो यह खबर आपके काम की है। भारतीय रेलवे ने कन्फर्म टिकट कैंसिल करने के नियमों में बड़ा बदलाव किया है। नए नियमों का मकसद है दलालों द्वारा टिकटों की कालाबाजारी पर रोक लगाना, वहीं यात्रियों को कुछ अतिरिक्त सुविधाएं भी दी गई हैं।
ये नए नियम 1 अप्रैल से 15 अप्रैल 2026 के बीच चरणबद्ध तरीके से लागू किए जाएंगे। आइए जानते हैं कि नियमों में क्या बदलाव हुए हैं और आप पर इसका क्या असर पड़ेगा।
अब रिफंड का नया गणित
पहले टिकट कैंसिल करने पर एक निश्चित रिफंड मिलता था, लेकिन अब यह ट्रेन चलने से पहले बचे समय पर निर्भर करेगा। यानी जितनी देर से कैंसिल करेंगे, उतना कम पैसा वापस मिलेगा। नियम कुछ इस तरह हैं।
72 घंटे पहले: अगर आप ट्रेन के चलने से 72 घंटे या उससे पहले टिकट कैंसिल करते हैं, तो आपको अधिकतम रिफंड मिलेगा। सिर्फ एक तय कैंसिलेशन चार्ज ही काटा जाएगा।
72 घंटे से 24 घंटे के बीच: अगर टिकट 72 घंटे से 24 घंटे के बीच कैंसिल किया जाता है, तो किराए का 25 प्रतिशत काटा जाएगा (न्यूनतम चार्ज के साथ)।
24 घंटे से 8 घंटे के बीच: अगर टिकट 24 घंटे से 8 घंटे पहले कैंसिल किया जाता है, तो 50 प्रतिशत किराया काटा जाएगा।
8 घंटे से कम: अगर ट्रेन के चलने से 8 घंटे से भी कम समय पहले आप टिकट कैंसिल करते हैं, तो कोई रिफंड नहीं मिलेगा।
दलालों पर लगेगी लगाम
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस बदलाव के पीछे की वजह बताते हुए कहा कि कुछ दलाल पहले बड़ी संख्या में टिकट बुक कर लेते थे। जो टिकट नहीं बिक पाते थे, उन्हें ट्रेन चलने से पहले कैंसिल कर देते थे, जिससे उन्हें भरपूर पैसे वापस मिल जाते थे। नए नियमों से ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।
नियमों में सिर्फ कैंसिलेशन को लेकर ही नहीं, बल्कि बोर्डिंग स्टेशन बदलने को लेकर भी बदलाव किया गया है। यह उन यात्रियों के लिए बड़ी राहत है, जो बड़े शहरों में रहते हैं, जहां एक से ज्यादा रेलवे स्टेशन हैं।
इसे भी पढ़ें: महिला पुलिसकर्मी को परेशान करने वाला मुख्य आरक्षी जितेंद्र यादव बर्खास्त
फिलहाल, बोर्डिंग स्टेशन बदलने की सुविधा चार्ट बनने से पहले तक ही मिलती है। लेकिन अब यात्री ट्रेन के निर्धारित समय से 30 मिनट पहले तक अपना बोर्डिंग स्टेशन बदल सकेंगे। यानी आपको अंतिम समय में भी स्टेशन बदलने की सुविधा मिल जाएगी।
क्यों किया गया यह बदलाव
रेलवे का कहना है कि इन बदलावों से दोहरा फायदा होगा। एक तो टिकटों की कालाबाजारी पर रोक लगेगी, दूसरे यात्रियों को ज्यादा सुविधा मिलेगी। खासकर उन लोगों को, जो आखिरी वक्त में अपने प्लान बदलते हैं या किसी दूसरे स्टेशन से ट्रेन पकड़ना चाहते हैं।
इसे भी पढ़ें: धर्म बदलने पर नहीं मिलेगा एससी का दर्जा, सिर्फ हिंदू, सिख और बौद्धों को ही लाभ
