मेरठ मेट्रो और नमो भारत को PM मोदी ने दिखाई हरी झंडी, अब मेरठ से दिल्ली 55 मिनट में

pm modi meerut metro

मेरठ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मेरठ को दो बड़ी परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने नमो भारत ट्रेन और मेरठ मेट्रो का संयुक्त रूप से उद्घाटन किया। यह उद्घाटन शताब्दी नगर स्टेशन पर आयोजित एक भव्य समारोह में हुआ। पीएम मोदी ने हरी झंडी दिखाकर दोनों ट्रेनों को रवाना किया और खुद भी मेट्रो में सफर करते हुए छात्रों से बातचीत की।

एतिहासिक पल, एक ट्रैक पर दो ट्रेनें

इस उद्घाटन के साथ ही भारत दुनिया के उन चुनिंदा देशों की सूची में शामिल हो गया है, जहां एक ही ट्रैक पर हाई-स्पीड रीजनल ट्रेन और स्थानीय मेट्रो दोनों सफलतापूर्वक चलती हैं। इस परियोजना के तहत दोनों ट्रेनों के लिए एक ही ट्रैक और स्टेशनों का इस्तेमाल किया गया है, जिसे वैश्विक स्तर पर एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

55 मिनट में दिल्ली-मेरठ सफर

नमो भारत ट्रेन के शुरू होने से अब मेरठ से दिल्ली तक की दूरी (88 किलोमीटर) महज 55 मिनट में तय की जा सकेगी। यह ट्रेन रास्ते में 13 स्टेशनों पर रुकेगी, जिनमें से दो स्टेशन अंडरग्राउंड (भूमिगत) बनाए गए हैं। वहीं, शुक्रवार को हुए ट्रायल रन के दौरान नमो भारत ने 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ी और सराय काले खां से बेगमपुल तक का नॉन-स्टॉप सफर महज 39 मिनट में पूरा कर दिखाया।

क्षेत्र के विकास को मिलेगी रफ्तार

पीएम मोदी के मेरठ पहुंचने पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया। इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि यह परियोजना मेरठ और पूरे पश्चिमी यूपी के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम है। इससे क्षेत्र में रोजगार और व्यापार के नए अवसर पैदा होंगे।

इसे भी पढ़ें: राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय में फेमिनिस्ट मैनिफेस्टो की प्रस्तुति

किसे क्या फायदा

नमो भारत ट्रेन: लंबी दूरी के यात्रियों, खासकर मेरठ से दिल्ली-गाजियाबाद पढ़ने या नौकरी के लिए आने-जाने वालों को सीधा लाभ मिलेगा।

मेरठ मेट्रो: शहर के अंदर यातायात का सुगम साधन बनेगी और जाम की समस्या से राहत दिलाएगी।

इसे भी पढ़ें: यूजीसी के नये नियम के खिलाफ लखनऊ में सवर्ण समाज का प्रदर्शन

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...