यूपी में समय पर होगा पंचायत चुनाव, ओम प्रकाश राजभर ने बताया कब आएगी वोटर लिस्ट
Lucknow News: उत्तर प्रदेश के पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने स्पष्ट कर दिया है कि प्रदेश में पंचायत चुनाव अपने तय समय पर ही होंगे। उन्होंने बताया कि विभाग ने अपनी ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और अब गेंद राज्य निर्वाचन आयोग के पाले में है।
15 अप्रैल को आएगी फाइनल वोटर लिस्ट
मंत्री राजभर ने जानकारी दी कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण का काम तेजी से चल रहा है। 15 अप्रैल को अंतिम मतदाता सूची (Final Voter List) का प्रकाशन कर दिया जाएगा। इसके तुरंत बाद राज्य निर्वाचन आयोग चुनाव की अधिसूचना (Notification) जारी कर सकता है, जिससे चुनावी प्रक्रिया आधिकारिक रूप से शुरू हो जाएगी। चुनावों में हो रहे विलंब को लेकर राजभर ने तीन मुख्य कारण गिनाए।
बोर्ड परीक्षाएं: छात्रों की परीक्षाओं के चलते प्रशासनिक अमला व्यस्त था।
जनगणना: जनगणना कार्यों की वजह से देरी हुई।
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR): मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध और सटीक बनाने की प्रक्रिया में समय लगा।
इसे भी पढ़ें: अमेजन पर OnePlus 13R हुआ 5000 रुपये सस्ता
उन्होंने यह भी बताया कि चुनाव के लिए मतपत्र (Ballots) छप चुके हैं और सभी जिलों के मुख्यालयों तक पहुंचा दिए गए हैं। वोटर लिस्ट में गड़बड़ी के विपक्ष के आरोपों पर राजभर ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता दोहरी नीति अपना रहे हैं। एक तरफ वे बूथों पर अपने कार्यकर्ताओं के जरिए फर्जी तरीके से वोट घटवाने-बढ़वाने की कोशिश करते हैं, और जब दाल नहीं गलती तो सदन में हंगामा करते हैं। उन्होंने साफ किया कि SIR प्रक्रिया में केवल मृत और शिफ्ट हो चुके लोगों के नाम हटाकर पारदर्शिता लाई जा रही है।
आगामी चुनावों को लेकर राजभर ने साफ किया कि सुभासपा और भाजपा का गठबंधन मजबूती के साथ जारी रहेगा। उन्होंने किसी भी तीसरे दल के साथ गठबंधन की खबरों को सिरे से खारिज कर दिया। आजमगढ़ की हालिया रैली का जिक्र करते हुए उन्होंने आत्मविश्वास के साथ कहा कि उनकी पार्टी विपक्ष के लिए सबसे बड़ी चुनौती साबित होने वाली है।
इसे भी पढ़ें: भारत में नहीं बढ़ेंगे पेट्रोल-डीजल के दाम
