Oscars 2026: वन बैटल आफ्टर अनदर बनी बेस्ट फिल्म, पॉल थॉमस एंडरसन को मिला पहला ऑस्कर
Oscars 2026: सिनेमा जगत के सबसे बड़े मंच 98वें अकादमी पुरस्कारों में पॉल थॉमस एंडरसन की फिल्म वन बैटल आफ्टर अनदर (One Battle After Another) का जादू सिर चढ़कर बोला। फिल्म ने “सिनर्स” जैसी मजबूत दावेदार फिल्म को पीछे छोड़ते हुए ‘बेस्ट पिक्चर’ की ट्रॉफी अपने नाम की। 14 श्रेणियों में नामांकन पाने वाली इस फिल्म ने 6 प्रमुख श्रेणियों में जीत हासिल कर अपनी सफलता का परचम लहराया।
निर्देशक एंडरसन की भावुक स्पीच
बूगी नाइट्स और देयर विल बी ब्लड जैसी क्लासिक फिल्में देने वाले पॉल थॉमस एंडरसन लंबे समय से ऑस्कर की रेस में थे, लेकिन यह पहली बार है जब उन्होंने यह अवॉर्ड जीता है। उन्हें बेस्ट डायरेक्टर के सम्मान से नवाजा गया। अपनी स्पीच में उन्होंने कहा, मैंने यह फिल्म अपने बच्चों के लिए लिखी है ताकि उस दुनिया में फैली अव्यवस्था के लिए माफी मांग सकूं जिसे हम उन्हें सौंप रहे हैं। मुझे उम्मीद है कि युवा पीढ़ी समाज में शालीनता और सामान्य ज्ञान को वापस लाएगी।
शॉन पेन की जीत और किरन कल्किन का मजाक
दिग्गज अभिनेता शॉन पेन ने फिल्म में अपनी बेहतरीन भूमिका के लिए बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का अवॉर्ड जीता। हालांकि, वह समारोह में शामिल नहीं हुए। उनकी गैरमौजूदगी पर अवॉर्ड प्रेजेंटर किरन कल्किन ने चुटकी लेते हुए कहा, शॉन पेन आज रात यहां नहीं आ सके या शायद आना नहीं चाहते थे। दरअसल, शॉन पेन ने इसी कैटेगरी में अपने सह-कलाकार बेनिसियो डेल टोरो को हराकर यह खिताब जीता है।
इसे भी पढ़ें: महाकुंभ की वायरल गर्ल मोनालिसा ने मुस्लिम बॉयफ्रेंड से रचाई शादी
इन 6 कैटेगरीज में मिले अवॉर्ड
फिल्म ने तकनीकी और रचनात्मक दोनों मोर्चों पर अपना लोहा मनवाया।
बेस्ट पिक्चर
बेस्ट डायरेक्टर (पॉल थॉमस एंडरसन)
बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर (शॉन पेन)
अडॉप्टेड स्क्रीनप्ले
बेस्ट एडिटिंग
बेस्ट कास्टिंग (इस कैटेगरी में पहली बार ऑस्कर दिया गया)
क्या है फिल्म की कहानी
थॉमस पिंचन की किताब वाइनलैंड पर आधारित यह फिल्म एक क्राइम-थ्रिलर है। इसकी कहानी एक पूर्व क्रांतिकारी बॉब के इर्द-गिर्द घूमती है। बॉब 16 साल के लंबे अंतराल के बाद वापस आए अपने पुराने दुश्मन कर्नल लॉकजॉ से अपनी बेटी विला को बचाने के लिए एक खतरनाक संघर्ष करता है। फिल्म में कॉमेडी और थ्रिलर का शानदार मिश्रण देखने को मिलता है।
इसे भी पढ़ें: देवरिया में काव्य गोष्ठी की धूम, कवयित्रियों ने अपनी रचनाओं से नारी शक्ति को दिया नया स्वर
