पीएम मोदी अगले हफ्ते इजरायल दौरे पर, नेतन्याहू ने खुद दी जानकारी, जानें किन मुद्दों पर होगी बात
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले हफ्ते इजरायल के दौरे पर जा सकते हैं। यह जानकारी खुद इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने दी है। अगर यह दौरा तय हुआ, तो 2017 के बाद पीएम मोदी का पहला इजरायल दौरा होगा और अपने तीसरे कार्यकाल में उनका यह पहला इजरायल दौरा होगा।
नेतन्याहू ने मेजर अमेरिकन ज्यूइश ऑर्गनाइजेशन के अध्यक्षों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, “पार्लियामेंट में भाषण होने वाला है। अगले हफ्ते यहां कौन आ रहा है? नरेंद्र मोदी।” उन्होंने आगे कहा, “इजरायल और भारत के बीच जबरदस्त गठबंधन है और हम हर तरह के सहयोग पर बात करने वाले हैं। भारत कोई छोटा देश नहीं है, वहां 1.5 अरब लोग रहते हैं। भारत में इजरायल बहुत मशहूर है।”
किन मुद्दों पर होगी चर्चा
सूत्रों के मुताबिक, इस दौरे में रक्षा, आतंकवाद रोकथाम और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी नई तकनीकों में आपसी सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होने की संभावना है। यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी काफी मजबूत हुई है। हालांकि, भारतीय विदेश मंत्रालय की ओर से अभी तक इस दौरे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
इसे भी पढ़ें: हरियाणा के पलवल में दूषित पानी से 15 दिन में 12 लोगों की मौत
ईरान को लेकर नेतन्याहू का बयान
नेतन्याहू ने इस मौके पर ईरान को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान के साथ संभावित डील के लिए गंभीर हैं, लेकिन इजरायल को अब भी शंकाएं हैं। उन्होंने साफ किया कि किसी भी समझौते के लिए जरूरी है-
ईरान सभी एनरिच्ड मटीरियल हटाए
एनरिचमेंट इंफ्रास्ट्रक्चर खत्म करे
बैलिस्टिक मिसाइल एक्टिविटी पर रोक लगाए
क्षेत्रीय आतंक की धुरी खत्म करे
सख्त निरीक्षण की शर्त माने
गाजा युद्ध पर क्या बोले नेतन्याहू?
नेतन्याहू ने गाजा युद्ध के मकसद दोहराते हुए कहा कि इजरायल का लक्ष्य है-
सभी बंधकों की वापसी सुनिश्चित करना
हमास की सैन्य क्षमताओं को खत्म करना
हमास का शासन नियंत्रण समाप्त करना
उन्होंने कहा कि हमास को हथियार डाल देने चाहिए और गाजा का विसैन्यीकरण होना चाहिए।
इसे भी पढ़ें: land for jobs scam: लालू-तेजस्वी सहित 41 लोगों पर आरोप तय
