नेहा सिंह राठौर सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर जांच में सहयोग देने हजरतगंज थाने पहुंचीं
Lucknow News: विवादित गानों और पोस्ट के मामले में दर्ज एफआईआर की जांच के लिए लोक गायिका नेहा सिंह राठौर सोमवार को लखनऊ के हजरतगंज थाने में पेश हुईं। वे सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन कर रही हैं, जिसमें उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगाई गई थी और उन्हें जांच में सहयोग के लिए थाने में हाजिर होने को कहा गया था।
क्या कहा नेहा सिंह राठौर ने
थाने पहुंचने के बाद मीडिया से बात करते हुए नेहा ने कहा, मुझे सुप्रीम कोर्ट ने 19 जनवरी को सुबह 11 बजे हजरतगंज पुलिस स्टेशन में जांच अधिकारी के सामने पेश होने का आदेश दिया था। मैं उसी आदेश का पालन करने यहां आई हूं। मैं न्यायिक प्रक्रिया में अपना पूरा सहयोग दूंगी।
मामला जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले के बाद उनके द्वारा सोशल मीडिया पर शेयर किए गए विवादित पोस्ट और गानों से जुड़ा है। एक विवादित गाने ‘चौकीदारवा कायर बा…’ के कारण उनके खिलाफ देशद्रोह और साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने जैसे गंभीर आरोप लगे।
इसे भी पढ़ें: रोहिणी घावरी ने अपर्णा यादव का लिया पक्ष
इस गाने के बाद वाराणसी और लखनऊ में उनके खिलाफ कई एफआईआर दर्ज की गईं। अकेले लंका थाने में ही 318 से ज्यादा और कुल मिलाकर 500 से अधिक शिकायतें दर्ज हुईं। आरोप है कि उनके पोस्ट और गानों का इस्तेमाल पाकिस्तानी मीडिया ने भारत की आलोचना के लिए किया।
इससे पहले, नेहा सिंह राठौर ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में एफआईआर रद्द करने और अग्रिम जमानत की मांग की थी, लेकिन 5 दिसंबर 2025 को लखनऊ बेंच ने उनकी याचिका खारिज कर दी थी। इसके बाद, सुप्रीम कोर्ट ने 8 जनवरी को उनकी गिरफ्तारी पर अंतरिम रोक लगाई और उन्हें जांच में सहयोग के लिए पुलिस के सामने पेश होने का आदेश दिया।
इसे भी पढ़ें: दिल्ली हाई कोर्ट ने ठुकराई कुलदीप सिंह सेंगर की सजा माफी याचिका
