मुख्तार अंसारी के करीबी शूटर शोएब को बदमाशों ने गोलियां से भूना, CCTV खंगाल रही पुलिस

mukhtar ansari gang shooter shoeib kidwai killed

बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में शुक्रवार दोपहर अपराधियों ने एक बार फिर कानून को चुनौती दी। लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर दिनदहाड़े कुख्यात अपराधी मुख्तार अंसारी के करीबी शूटर शोएब किडवई उर्फ बॉबी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। करीब 10 से 15 राउंड फायरिंग की वारदात से हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और इलाके में दहशत फैल गई।

पुलिस के मुताबिक, शोएब शुक्रवार दोपहर लखनऊ से अपने घर लौट रहा था। जैसे ही उसकी कार देवा रोड स्थित असेनी मोड़ के पास पहुंची, पहले से घात लगाए बदमाशों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया और गाड़ी पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने इतनी भीषण फायरिंग की कि शोएब कार के अंदर ही गोलियों से छलनी होकर गिर पड़ा। आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

कौन था शोएब

शोएब का नाम बदायूं जेलर हत्याकांड समेत कई संगीन आपराधिक मामलों में आ चुका है। वह लंबे समय से माफिया मुख्तार अंसारी गिरोह का शार्प शूटर माना जाता था और इलाके में उसकी दबदबा थी। पुलिस रिकॉर्ड में उसके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस की जांच में क्या आया सामने?

घटनास्थल से कई खोखे बरामद किए गए हैं।

हमलावरों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

फॉरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं।

पुलिस ने जांच के लिए विशेष टीमों का गठन कर दिया है।

क्या है हत्या की वजह

शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश, गैंगवार और आपराधिक वर्चस्व की लड़ाई जैसे एंगल सामने आ रहे हैं। हालांकि पुलिस ने अभी किसी एक वजह की पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि कॉल डिटेल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही हमलावरों का पता लगा लिया जाएगा।

इसे भी पढ़ें: संघ बीजेपी का निष्ठुर, निर्दई अमानवीय दर्शन

इलाके में दहशत, सुरक्षा बढ़ाई गई

इस वारदात के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने एहतियातन क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है। पुलिस अफसरों ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।

इसे भी पढ़ें: प्रिया ने ननद मंधीरा पर किया 20 करोड़ का मानहानि केस

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...