Mathura News: यमुना में श्रद्धालुओं से भरी नाव पलटी, 10 श्रद्धालुओं की मौत, सीएम योगी ने दिए राहत के निर्देश

mathura boat capsize yamuna

Mathura News: उत्तर प्रदेश के मथुरा में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। लुधियाना से वृंदावन घूमने आए 30 श्रद्धालुओं से भरी नाव यमुना नदी में पलट गई। हादसे में अब तक 10 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 15 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। पांच लोग अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश के लिए देर रात तक राहत-बचाव कार्य जारी रहा।

पंजाब के लुधियाना से 30 श्रद्धालुओं का एक समूह वृंदावन घूमने आया था। सभी श्रद्धालु यमुना नदी में नाव की सैर के लिए सवार हो गए। शुक्रवार को आम दिनों के मुकाबले हवा काफी तेज चल रही थी। बताया जा रहा है कि करीब पौने तीन बजे तेज हवा के कारण नाव का संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह पैंटून पुल से टकरा गई और यमुना नदी में पलट गई। नाव में सवार सभी श्रद्धालु पानी में गिर गए और उन्होंने चीख-पुकार मचा दी।

आसपास के लोगों ने दौड़कर शुरू किया बचाव

नदी में श्रद्धालुओं के डूबने की खबर सुनते ही आसपास के लोग बचाने के लिए दौड़ पड़े। पुलिस और गोताखोर भी मौके पर पहुंच गए। राहत-बचाव कार्य आनन-फानन में शुरू कर दिया गया। गोताखोरों ने 15 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया, लेकिन 10 लोगों की जान बच नहीं सकी। बाकी पांच लोगों की तलाश के लिए गोताखोरों का अभियान रात तक जारी रहा।

mathura boat capsize yamuna

मृतकों के नाम

मरने वालों में छह महिलाएं और चार पुरुष शामिल हैं। मृतकों में आशा रानी, पिंकी, कविता, मीनू, अंजू, चरणजीत, रिकेश गुलाटी, मधुर बहल, इसान कटारिया और सपना के नाम शामिल हैं। मृतकों में ज्यादातर पंजाब और हरियाणा के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

ओवरलोडिंग बनी हादसे की वजह

एसडीएम ऋतु सिरोही ने हादसे की वजह ओवरलोडिंग बताया। उन्होंने कहा कि नाव पर जरूरत से ज्यादा लोग सवार थे। अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। यमुना में गोताखोर टीम लापता लोगों की तलाश कर रही है।

इसे भी पढ़ें: गंगा किनारे शराब पीने से टोका, तो महिला बोली- हमारी वजह से चलती है तुम्हारी रोजी-रोटी

प्रशासन के अफसर मौके पर पहुंचे

हादसे के बाद डीएम चंद्र प्रकाश सिंह, एसएसपी और डीआईजी मौके पर पहुंचे। उन्होंने राहत-बचाव कार्य का जायजा लिया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। डीएम ने बताया कि स्थानीय गोताखोरों की मदद से राहत कार्य जारी है। एनडीआरएफ और सेना को भी बुलाया गया है। अस्पतालों को अलर्ट कर दिया गया है और सभी घायलों का मुफ्त इलाज किया जाएगा।

सीएम योगी ने लिया संज्ञान

मथुरा हादसे का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी संज्ञान लिया है। उन्होंने हादसे पर दुख जताते हुए सभी अफसरों को मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। सीएम योगी ने कहा कि घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाकर उनका इलाज शुरू कराया जाए। फिलहाल, राहत कार्य जारी है और परिवारों में मातम छाया हुआ है।

इसे भी पढ़ें: परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में भारत की ऐतिहासिक सफलता

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...