बस्ती में दिव्यांगों के लिए खुलेगा महर्षि वशिष्ठ विद्यालय, जगतगुरु रामभद्राचार्य ने दिया आश्वासन
Basti News: जगतगुरु रामभद्राचार्य (पद्म विभूषण) ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा है कि बस्ती जनपद में दिव्यांगों के लिए ‘महर्षि वशिष्ठ’ के नाम से एक विशेष विद्यालय खोला जाएगा। यह घोषणा उन्होंने सोमवार को सर्किट हाउस के सभागार में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम के दौरान की।
नेशनल एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड, इंडिया (नैब इंडिया) के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का आयोजन विशेष रूप से उन दृष्टि दिव्यांग छात्रों के लिए किया गया था, जिन्होंने जगतगुरु रामभद्राचार्य विश्वविद्यालय, चित्रकूट से उच्च शिक्षा पूरी की है। कार्यक्रम में जनपद के बड़ी संख्या में दृष्टि दिव्यांग युवाओं ने भाग लिया।
दिव्यांगों के लिए निःशुल्क उच्च शिक्षा का संकल्प
कार्यक्रम का संचालन नैब इंडिया के मानद सचिव गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में जगतगुरु रामभद्राचार्य की कृतियों और उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि जगतगुरु द्वारा स्थापित देश का पहला दिव्यांग विश्वविद्यालय आज न केवल बस्ती, बल्कि देशभर के हजारों दिव्यांग बच्चों को निःशुल्क उच्च शिक्षा प्रदान कर रहा है।
इस अवसर पर दृष्टि दिव्यांग शिक्षक अमर सिंह ने जनपद में दृष्टि दिव्यांगों के लिए एक विद्यालय स्थापित करने का आग्रह किया। उनकी इस मांग पर जगतगुरु रामभद्राचार्य ने सकारात्मक उत्तर देते हुए बस्ती में ‘महर्षि वशिष्ठ’ के नाम से विद्यालय खोलने का आश्वासन दिया।
इसे भी पढ़ें: Sports Quiz: प्रतियोगी छात्र के लिए खेल जगत से जुड़ी प्रश्नोत्तरी
बस्ती के दिव्यांग युवाओं को चित्रकूट में निःशुल्क शिक्षा का न्योता
अपने ओजस्वी उद्बोधन में जगतगुरु रामभद्राचार्य ने सभी उपस्थित जनों को आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने जनपद के सभी दिव्यांग युवाओं, विशेषकर दृष्टि दिव्यांगों से आग्रह किया कि वे चित्रकूट स्थित विश्वविद्यालय में निःशुल्क शिक्षा और आवासीय सुविधा का लाभ उठाकर उच्च शिक्षा प्राप्त करें। उल्लेखनीय है कि बस्ती जनपद के सैकड़ों दृष्टि दिव्यांग बच्चे जगतगुरु रामभद्राचार्य द्वारा स्थापित विश्वविद्यालय में शिक्षा प्राप्त कर चुके हैं या वर्तमान में अध्ययनरत हैं।
कार्यक्रम में बस्ती में आयोजित राम कथा कार्यक्रम के संयोजक एवं प्रमुख समाजसेवी राणा दिनेश प्रताप सिंह का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर नैब इंडिया की एग्जीक्यूटिव कमिटी मेंबर प्रियंका सिंह, विशेष शिक्षिका एवं कार्यक्रम की समन्वयिका पूनम सिंह, चंदेश्वर प्रसाद मिश्र, राम सुरेश, रामजी शुक्ला, राजकुमार शुक्ला, अनसूया मिश्रा, राकेश कुमार सोनी, सुरेश धर द्विवेदी, राम दिनेश, रामदीन, फरीदा खातून, साहिबा, रविंद्र कुमार, श्रवण कुमार, चंद्रेश, जहांगीर सहित अनेक दृष्टि दिव्यांग युवा उपस्थित रहे।
इसे भी पढ़ें: Lucknow News: मिशन 2027 के लिए जुटी मायावती
