नशीला पदार्थ पिलाकर बनाया अश्लील वीडियो, शादी तय हुई तो मंगेतर को भेजीं तस्वीरें
समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर जिले में एक युवती ने अपने पूर्व प्रेमी पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने पहले उसे ब्लैकमेल किया और अब जब उसकी शादी तय हुई, तो उसका रिश्ता तुड़वाने के लिए होने वाले ससुराल वालों को अश्लील वीडियो भेज दिए। परेशान होकर युवती ने महिला थाने में न्याय की गुहार लगाई है।
जन्मदिन की पार्टी में रची गई साजिश
पीड़िता के मुताबिक, यह सिलसिला साल 2021 में शुरू हुआ था। वह कल्याणपुर के एक स्कूल में पढ़ती थी, तभी उसकी जान-पहचान एक युवक से हुई और दोनों में प्रेम संबंध हो गया। आरोप है कि एक दिन युवक ने उसे जन्मदिन की पार्टी के बहाने बुलाया और कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद आरोपी ने उसकी अश्लील वीडियो बना ली।
ब्लैकमेलिंग और फर्जी सोशल मीडिया आईडी
युवती का आरोप है कि वीडियो बनाने के बाद आरोपी का असली चेहरा सामने आया। वह वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे लगातार ब्लैकमेल करने लगा। हद तो तब हो गई जब आरोपी ने पीड़िता के नाम से एक फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाई और उस पर उसकी निजी तस्वीरें और वीडियो अपलोड करने शुरू कर दिए। पीड़िता ने कई बार मिन्नतें कीं, लेकिन आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।
इसे भी पढ़ें: जनगणना में जाति का कॉलम ही नहीं, तो गिनेंगे क्या
शादी तुड़वाने की कोशिश और आरोपों का पलटवार
मामला तब और बिगड़ गया जब पीड़िता की शादी कहीं और तय हो गई। आरोप है कि सिरफिरे आशिक ने लड़के वालों का नंबर निकालकर उन्हें आपत्तिजनक वीडियो भेज दिए ताकि शादी टूट जाए। दूसरी तरफ, आरोपी पक्ष ने युवती पर ही 20 लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया है। हालांकि, पीड़िता ने इसे पूरी तरह निराधार और खुद को बचाने की साजिश बताया है।
महिला थाना पुलिस ने युवती की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया एकाउंट और वीडियो की जांच की जा रही है। जल्द ही दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें: ट्रंप की पत्नी मेलानिया की परदे पर दिखेगी अनसुनी कहानी
