Lucknow News: मिशन 2027 के लिए जुटी मायावती, पार्टी नेताओं से बोलीं- जमीनी स्तर पर करो तैयारी
Lucknow News: बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने रविवार को पार्टी की अखिल भारतीय बैठक में साफ कर दिया कि अब संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और सर्वसमाज में पैठ बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बसपा जितनी मजबूत होगी, विरोधियों की साजिशें उतनी ही बढ़ेंगी, लेकिन कार्यकर्ताओं को डटकर मुकाबला करना होगा।
मायावती ने 19 दिसंबर, 2025 को नई दिल्ली में हुई पिछली बैठक के दिशा-निर्देशों की राज्यवार प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का लक्ष्य ‘सत्ता की मास्टर चाबी’ हासिल करना होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों में बड़ी संख्या में लोग डॉ. भीमराव अंबेडकर के बहुजन आत्मसम्मान और स्वाभिमान मिशन को आगे बढ़ाने की उम्मीद बसपा से ही करते हैं।
सियासी जमीन मजबूत करने पर जोर
बैठक में बसपा ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में अपने कार्यकाल के दौरान ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ की नीति पर चलते हुए सामाजिक बदलाव और आर्थिक मुक्ति की दिशा में ऐतिहासिक काम किए गए। वहीं, मायावती ने विरोधी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी नीतियां गरीब, किसान और बहुजन विरोधी रही हैं। उनकी कहनी और करनी में अंतर के कारण उनकी विश्वसनीयता घट रही है, ऐसे में बसपा की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है।
बागियों और बहानेबाजों से सावधानी
मायावती ने अपने समर्थकों को आगाह करते हुए कहा कि जो लोग पार्टी की वजह से आगे बढ़े और बाद में बसपा से अलग हो गए, वे समाज के सच्चे हितैषी नहीं हो सकते। ऐसे तत्वों और उन्हें संरक्षण देने वाली पार्टियों से सतर्क रहने की जरूरत है।
इसे भी पढ़ें: लिव-इन पार्टनर ने छात्रा को 3 दिन बंधक बना कर दी तालिबानी सजा
चंदे की राजनीति से अलग
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बसपा अपने समर्थकों के सहयोग पर चलने वाली पार्टी है और चुनावी बॉन्ड या ट्रस्ट के जरिए मिलने वाले चंदे की राजनीति से अलग है। संविधान के कल्याणकारी उद्देश्यों को सही रूप में लागू करने के लिए राजनीतिक ईमानदारी जरूरी है।
अमेरिका से व्यापार समझौतों पर चिंता
मायावती ने अमेरिका समेत अन्य देशों के साथ होने वाले संभावित व्यापार समझौतों को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर ‘फर्स्ट’ की होड़ ने विश्व व्यवस्था को चुनौतीपूर्ण बना दिया है। ऐसे में केंद्र सरकार के सामने किसानों और बहुजनों के हितों की रक्षा करने की बड़ी जिम्मेदारी है।
इसे भी पढ़ें: मेरठ मेट्रो और नमो भारत को PM मोदी ने दिखाई हरी झंडी
