इजरायली हमले में होर्मुज स्ट्रेट बंद करने वाला IRGC नेवी चीफ अलीरेजा तंगसिरी की मौत

iran irgc navy chief alireza tangsiri killed

तेल अवीव/तेहरान: मध्य-पूर्व में जारी युद्ध के बीच इजरायल ने एक बड़ा दावा किया है। इजरायली सैन्य अधिकारियों के मुताबिक, ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) नेवी के प्रमुख अलीरेजा तंगसिरी मारे गए हैं। उनकी जान बंदर अब्बास में हुए इजरायली हमले में चली गई।

इजरायली अधिकारी का कहना है कि तंगसिरी होर्मुज जलडमरूमध्य (स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज) को बंद करने के लिए जिम्मेदार थे। हालांकि, ईरान की ओर से अब तक इस हमले और तंगसिरी की मौत पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

कौन थे अलीरेजा तंगसिरी

अलीरेजा तंगसिरी अगस्त 2018 से IRGC नेवी की कमान संभाल रहे थे। पिछले कुछ हफ्तों में उन्होंने खाड़ी क्षेत्र, खासतौर पर होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास ईरान के सैन्य अभियानों को लेकर बेहद आक्रामक रुख अपनाया था।

पिछले हफ्ते ही तंगसिरी ने खाड़ी देशों में स्थित अमेरिकी ठिकानों पर जवाबी कार्रवाई की धमकी दी थी। साथ ही नागरिकों और कर्मचारियों को उन जगहों से दूर रहने की चेतावनी भी दी थी।

क्यों है होर्मुज स्ट्रेट इतना महत्वपूर्ण

होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया का सबसे रणनीतिक ऑयल शिपिंग समुद्री रास्ता है। यह उत्तर में ईरान और दक्षिण में ओमान व यूएई के बीच स्थित है। यह जलडमरूमध्य फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी और अरब सागर से जोड़ता है।

इस रास्ते से दुनिया भर का करीब 20 फीसदी क्रूड ऑयल और LNG गुजरता है। यानी दुनिया का हर पांचवां बैरल तेल इसी रास्ते से होकर जाता है। यही वजह है कि इस पर ईरान का कब्जा पूरी दुनिया के लिए संकट पैदा कर सकता है।

इसे भी पढ़ें: शांति की पहल या कड़े समझौते की तैयारी

होर्मुज स्ट्रेट बंद होने से क्या होगा

युद्ध के दौरान ईरान ने इस जलडमरूमध्य को लगभग बंद कर रखा है। गिने-चुने जहाजों को ही निकलने की अनुमति दी जा रही है। अगर यह पूरी तरह बंद हो जाता है, तो दुनिया पर इसका गहरा असर पड़ेगा-

तेल की भारी किल्लत: विश्व बाजार में क्रूड ऑयल और LNG की आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित होगी

ईंधन के दाम रिकॉर्ड स्तर पर: पेट्रोल-डीजल के दाम आसमान छू सकते हैं

ग्लोबल सप्लाई चेन ठप: दुनिया भर में माल ढुलाई प्रभावित होगी

महंगाई बढ़ेगी: ऊर्जा की कीमतों से जुड़ी हर चीज महंगी हो जाएगी

भारत जैसे देशों पर संकट: भारत, चीन, जापान और साउथ कोरिया जैसे ऊर्जा आयातक देशों के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं

ईरान की ओर से अब तक इस हमले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। लेकिन अगर तंगसिरी की मौत की पुष्टि हो जाती है, तो यह ईरान के लिए एक बड़ा झटका होगा। वहीं, इजरायल ने युद्ध के दौरान ईरान के टॉप कमांडरों को निशाना बनाने की अपनी रणनीति को जारी रखा है। अब देखना यह होगा कि ईरान इस हमले का जवाब कैसे देता है और क्या यह पूरे क्षेत्र में तनाव को और बढ़ा देगा।

इसे भी पढ़ें: जरीन खान का छलका कैमरे के पीछे का दर्द

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...