INDvsPAK वर्ल्ड कप मुकाबला: भारत का पलड़ा भारी, पर पाकिस्तान भी कम नहीं
Newschuski Digital Desk: क्रिकेट का सबसे बड़ा महामुकाबला एक बार फिर दस्तक दे रहा है। रविवार को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप के मंच पर आमने-सामने होंगे। महज एक मैच नहीं, यह दो देशों के करोड़ों दिलों की धड़कनों का खेल है।
भारत का रिकॉर्ड पाकिस्तान के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप में शानदार रहा है। दोनों टीमें अब तक 8 बार भिड़ी हैं और सात मैचों में भारत ने बाजी मारी है। पिछले साल एशिया कप में मिली जीत भारत के आत्मविश्वास को और मजबूत करती है। फिर भी, क्रिकेट के इस फॉर्मेट में कुछ भी संभव है।
भारत की ताकत: धुआंधार ओपनिंग और संतुलित गेंदबाजी
भारतीय टीम इस बार बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों मोर्चों पर काफी संतुलित नजर आ रही है। ईशान किशन इस वक्त आग उगल रहे हैं। 2026 में उनका स्ट्राइक रेट 220 के पार है और हाल ही में उन्होंने 24 गेंदों पर 61 रन ठोके हैं। अगर वह शुरुआत में ही तूफान लाते हैं, तो पाकिस्तान पर दबाव बन सकता है।
सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा मिडिल ऑर्डर संभालेंगे। हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे और अक्षर पटेल के रूप में टीम के पास आखिरी ओवरों में ताबड़तोड़ रन बरसाने का हथियार है। गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह तो खैर अपनी धार रखते ही हैं, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव और अक्षर पटेल की स्पिन तिकड़ी कोलंबो की धीमी पिच पर कहर ढा सकती है।
पाकिस्तान: स्पिन में जाल बिछाने को तैयार
पाकिस्तानी टीम की सबसे बड़ी ताकत इस बार उनका स्पिन आक्रमण है। शादाब खान और उस्मान तारिक जैसे गेंदबाज धीमी पिचों पर घातक साबित हो सकते हैं। बल्लेबाजी में साहिबजादा फरहान हालिया मैचों में 73 रनों की पारी खेलकर फॉर्म में लौटे हैं। बाबर आजम और उस्मान खान के साथ मिलकर वह बड़ी साझेदारी करना चाहेंगे।
हालात और टॉस भी इस मैच में अहम भूमिका निभा सकते हैं। बारिश का अनुमान है और बादलों ने डेरा जमाया तो तेज गेंदबाजों को मदद मिल सकती है। जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ेगा, पिच धीमी होगी और स्पिनर अहम हो जाएंगे।
भारत-पाकिस्तान का यह रोमांचक मुकाबला रविवार शाम 7 बजे शुरू होगा। स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर टीवी पर लाइव प्रसारण होगा, जबकि जियो हॉटस्टार पर डिजिटल स्ट्रीमिंग की सुविधा रहेगी।
टी20 क्रिकेट बड़े-बड़े रिकॉर्ड पलट देता है। भारत का पलड़ा भले ही भारी लगे, लेकिन पाकिस्तान के पास मैच पलटने का दमखम है। उम्मीद है कि दर्शकों को एक ऐसा मैच देखने को मिलेगा, जो लंबे समय तक याद रखा जाएगा।
इसे भी पढ़ें: दिल्ली यूनिवर्सिटी में महिला पत्रकार से बदसलूकी और रेप की धमकी
टीमें
भारत: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), ईशान किशन, संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, हार्दिक पंड्या, वाशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती।
पाकिस्तान: सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमां, ख्वाजा नफे, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान, सईम अयूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान, उस्मान तारिक।
इसे भी पढ़ें: तारिक रहमान क्या कमाल पाशा बनेंगे?
