Gorakhpur News: अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस में TTE ने छात्रा के साथ किया दुष्कर्म, केबिन में ले जाकर की दरिंदगी
Gorakhpur News: अहमदाबाद से गोरखपुर जा रही एक्सप्रेस ट्रेन में सुरक्षा का दावा करने वाले रेलकर्मी ने ही इंसानियत को तार-तार कर दिया। सेना में भर्ती होने का सपना देख रही एक एनसीसी (NCC) कैडेट के साथ ट्रेन के अंदर ही टीटीई ने दुष्कर्म किया। आरोपी टीटीई की पहचान राहुल कुमार के रूप में हुई है।
पीड़ित छात्रा ने पुलिस को बताया कि वह मऊ में एनसीसी ‘सी’ सर्टिफिकेट की परीक्षा देकर लौट रही थी। स्टेशन पर भारी भीड़ होने के कारण वह टिकट नहीं ले पाई और मजबूरी में एसी (AC) कोच में चढ़ गई। छात्रा को उम्मीद थी कि टीटीई को जुर्माना देकर वह अपनी यात्रा पूरी कर लेगी।
जब टीटीई राहुल कुमार वहां पहुंचा, तो छात्रा ने उसे अपनी पूरी स्थिति बताई। छात्रा के पास टिकट न होने का फायदा उठाते हुए टीटीई ने उसे सीट दिलाने का भरोसा दिया और उसे फर्स्ट एसी (1st AC) के केबिन में ले गया।
धमकी देकर बंद किया दरवाजा
छात्रा का आरोप है कि केबिन में ले जाने के बाद टीटीई ने अंदर से कुंडी लगा ली। उसने पहले छात्रा का नाम-पता पूछा और फिर उसके साथ बदसलूकी शुरू कर दी। जब छात्रा ने विरोध किया, तो आरोपी ने उसे बिना टिकट यात्रा के मामले में जेल भेजने और करियर बर्बाद करने की धमकी दी। डरी-सहमी छात्रा के साथ आरोपी ने केबिन के अंदर ही दुष्कर्म किया।
इसे भी पढ़ें: यादव जी की लव स्टोरी पर संभल में भड़की सियासत
पुलिस को फोन करते ही फरार हुआ आरोपी
हिम्मत दिखाते हुए पीड़िता ने शोर मचाया और तुरंत डायल-112 पर पुलिस को फोन कर दिया। मामला फंसता देख आरोपी टीटीई देवरिया स्टेशन पर ट्रेन धीमी होते ही वहां से कूदकर फरार हो गया। ट्रेन जब गोरखपुर पहुँची, तब छात्रा ने जीआरपी (GRP) थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
गोरखपुर जीआरपी ने छात्रा की शिकायत पर बलात्कार (रेप) का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की टीमें आरोपी राहुल कुमार की तलाश में छापेमारी कर रही हैं। रेलवे प्रशासन ने भी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी टीटीई के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है।
इसे भी पढ़ें: The Kerala Story 2 का ट्रेलर रिलीज
