Gorakhpur News: बोतलबंद पानी में खतरनाक बैक्टीरिया, गोरखपुर की चार कंपनियों पर बैन
Gorakhpur News: अगर आप बाजार से बोतल खरीदकर पानी पीते हैं, तो यह खबर आपके लिए ही है। गोरखपुर जिले में संचालित चार कंपनियों के बोतलबंद पानी के नमूनों में खतरनाक कोलीफार्म बैक्टीरिया पाए गए हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग ने इन कंपनियों के उत्पादन और बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है।
किन ब्रांड्स का पानी है खतरनाक
खाद्य विभाग की जांच में जिन चार कंपनियों के पानी के नमूने असुरक्षित पाए गए हैं, उनमें हाईमैक्स (मैसर्स देवकृपा फूड एंड बेवरेजेज प्रा. लि., नकहा), गैलीसिया (मैसर्स जीके फूड्स एंड बेवरेजेज, सहजनवा), एक्वा नीर (मैसर्स अजय नीर उद्योग, नौसढ़), बाटाडू (श्री कान्हा इंडस्ट्रीज, गीडा) शामिल हैं।
कैसे हुआ खुलासा
इंदौर में दूषित पानी पीने से बच्चों की मौत के बाद गोरखपुर में भी खाद्य सुरक्षा विभाग सतर्क हो गया था। 9-10 जनवरी को विभाग ने जिले के 19 वॉटर प्लांट्स से नमूने लिए थे। लैब रिपोर्ट आने से पहले ही 9 इकाइयों पर रोक लगा दी गई थी। अब जो चार रिपोर्ट आई हैं, उनमें कोलीफार्म बैक्टीरिया की पुष्टि हुई है।
क्या है कोलीफार्म बैक्टीरिया और इसके नुकसान
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. आशीष वर्मा बताते हैं कि कोलीफार्म बैक्टीरिया वाला पानी पीने से सेहत पर गंभीर असर पड़ सकता है।
पाचन तंत्र गड़बड़ाना
उल्टी और पीलिया
पेट दर्द, शरीर में दर्द और थकान
खूनी दस्त
किडनी पर बुरा असर
आंखों में संक्रमण
विभाग ने दिए सख्त निर्देश
खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि सभी थोक और फुटकर विक्रेताओं को इन ब्रांड्स के पानी की बिक्री और वितरण तुरंत बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। अगर किसी होटल, ढाबा, दुकान या रेस्टोरेंट में यह पानी पाया गया तो खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2006 के तहत जुर्माना और अभियोजन की कार्रवाई होगी।
इसे भी पढ़ें: Gorakhpur News: अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस में TTE ने छात्रा के साथ किया दुष्कर्म
त्योहारी सीजन में मिलावटखोरी पर शिकंजा
होली के मद्देनजर खाद्य विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। पिछले दिनों हुई जांच के चौंकाने वाले आंकड़े बताते हैं कि मिलावट का खेल थम नहीं रहा।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में लिए गए 693 नमूनों में से 350 फेल हो गए।
दीपावली पर 25 क्विंटल खोवा और 1 क्विंटल पनीर नष्ट कराया गया।
पनीर बेचने वालों के लिए अब पहचान पत्र अनिवार्य कर दिया गया है।
अमूल बर्फी में एक्सपायरी डेट से पहले ही फफूंद मिली।
गोदाम में रखे चने में जहरीला रसायन ‘औरामाइन’ पाया गया।
कोतवाली में नकली मसाला फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ।
इसे भी पढ़ें: यादव जी की लव स्टोरी पर संभल में भड़की सियासत
