पूर्व आईएएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री ने की नई पार्टी की घोषणा, जानें क्या है नाम और मकसद
वृंदावन: उत्तर प्रदेश के चर्चित अधिकारी और पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने सोमवार को वृंदावन में अपनी नई राजनीतिक पार्टी के गठन की आधिकारिक घोषणा कर दी। उन्होंने अपनी पार्टी का नाम ‘राष्ट्रीय अधिकार पार्टी’ रखा है।
बता दें कि अलंकार अग्निहोत्री ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और यूजीसी के नए नियमों को लेकर उठे विवाद के बाद बरेली में सिटी मजिस्ट्रेट के पद से इस्तीफा दे दिया था। इस्तीफे के बाद से ही वह चर्चा में थे और अब उन्होंने राजनीतिक पारी शुरू करने का फैसला किया है।
क्या है पार्टी का मकसद
अलंकार अग्निहोत्री ने पार्टी के गठन की घोषणा करते हुए कहा कि उनकी पार्टी आम जनता के अधिकारों की लड़ाई को सबसे ऊपर रखेगी। उन्होंने बताया कि पार्टी का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों के संवैधानिक और सामाजिक अधिकारों की रक्षा करना, प्रशासन में पारदर्शिता लाना और जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही सुनिश्चित करना होगा।
उन्होंने कहा कि जल्द ही चुनाव आयोग में पंजीकरण के लिए आवेदन किया जाएगा और आने वाले दिनों में पार्टी की नीतियों और संगठनात्मक ढांचे के बारे में विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
इसे भी पढ़ें: इविंग क्रिश्चियन कॉलेज में वार्षिक एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आगाज
कौन हैं अलंकार अग्निहोत्री
अलंकार अग्निहोत्री यूपी के बरेली जिले में सिटी मजिस्ट्रेट के पद पर तैनात थे। वह मूल रूप से कानपुर के रहने वाले हैं। उनका बचपन बेहद कठिनाइयों में बीता। महज साढ़े दस साल की उम्र में पिता के निधन के बाद उन्होंने परिवार की जिम्मेदारी संभाली। उनके चार भाई और एक बहन हैं।
अलंकार ने आईआईटी बीएचयू से बीटेक किया और कुछ समय आईटी सेक्टर में नौकरी भी की। इसके बाद उन्होंने प्राइवेट नौकरी छोड़कर यूपी पीसीएस की तैयारी शुरू की और पहले ही प्रयास में 15वीं रैंक हासिल की। वह 2019 बैच के अधिकारी हैं और लखनऊ, उन्नाव और बलरामपुर में एसडीएम के पद पर भी काम कर चुके हैं।
इसे भी पढ़ें: Lucknow News: पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर पलटी स्लीपर बस, 7 लोगों की मौत
