कांग्रेस नेत्री पर घर में घुसकर हमला, सिर पर पिस्टल तानकर जान से मारने की धमकी
Bulandshahr News: जिले के एक गांव में कांग्रेस नेता पूनम पंडित के साथ बेहद हैरान करने वाली वारदात हुई है। आरोप है कि पड़ोसी दो भाइयों ने उनके घर में घुसकर हमला किया, गला दबाया और मंदिर के बक्से से 12 हजार रुपये लूट लिए। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पहले खाना खिलाया, फिर बन गए दुश्मन
पूनम पंडित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 24 फरवरी की रात वह अपने चाचा के साथ दनकौर में एक शादी समारोह से लौट रही थीं। रास्ते में उन्हें अपना पड़ोसी राजीव शराब के नशे में पड़ा मिला। उन्होंने उसे घर लाकर खाना खिलाया और फिर सुरक्षित उसके घर छोड़ दिया।
लेकिन अगले दिन 25 फरवरी की सुबह ही राजीव और उसका भाई संजीव उनके घर पहुंच गए। राजीव ने आरोप लगाया कि उसकी सोने की चेन गायब हो गई है और वह पूनम के घर में है। पूनम ने इनकार किया तो संजीव ने तमंचा निकालकर उनके सिर पर रख दिया और राजीव ने उनका गला दबाना शुरू कर दिया।
घर में मौजूद पूनम की बुजुर्ग मां और गर्भवती भाभी ने शोर मचाना शुरू कर दिया, जिसके बाद दोनों आरोपी वहां से भाग निकले। पूनम का आरोप है कि जाते-जाते हमलावर घर में रखे मंदिर के बक्से से 12 हजार रुपये भी लूट ले गए।

जान से मारने की धमकी
पूनम ने बताया कि घटना के दौरान ही संजीव ने धमकी दी कि उन्हें गांव में नंगा घुमाया जाएगा, जबकि राजीव ने गोली मारने की धमकी दी। पूनम ने इस धमकी को अपने फोन में रिकॉर्ड कर लिया और पेन ड्राइव में चौकी प्रभारी को सौंप दिया है।
इसे भी पढ़ें: ईरान-इजरायल में खुली जंग, तेहरान में 30 ठिकानों पर मिसाइल हमले
पुरानी रंजिश भी बताई वजह
पूनम का कहना है कि उनके और आरोपियों के बीच पुरानी पारिवारिक रंजिश भी है। उन्होंने बताया कि पूर्वजों के समय में उनके परिवार ने आरोपियों के पूर्वजों को सजा दिलाई थी, जिसकी वजह से यह हमला किया गया हो सकता है।
सीओ भास्कर मिश्रा ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पूनम पंडित ने पुलिस से सुरक्षा की भी गुहार लगाई है।
इसे भी पढ़ें: Holi 2026: भद्रा और चंद्रग्रहण के चक्कर में उलझी तारीख
