सीएम योगी का विपक्ष पर तीखा हमला, बोले- कांग्रेस मुक्त हुई विधान परिषद, सपा ऐसा न करे कि विधानभवन मुक्त करना पड़े
Lucknow News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को विधान परिषद में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सपा नेताओं को कांग्रेस से सबक लेने की सलाह देते हुए कहा कि कांग्रेस विधान परिषद विहीन हो गई है। अगर सपा भी विधानसभा और परिषद विहीन होना चाहती है, तो अनर्गल प्रलाप और महापुरुषों का अपमान करती रहे। लेकिन ऐसा आचरण न करे, जिससे समाज में विद्वेष की स्थिति पैदा हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश हर क्षेत्र में सफलता हासिल कर रहा है। जब टीमवर्क से काम होता है, तभी परिणाम आता है। आज प्रदेश के हर तबके- गांव, गरीब, युवा, महिला, किसान और हस्तशिल्पी- के मन में विश्वास है। उन्होंने दावा किया, “आज यूपी में कानून का राज है, अपराधी भयभीत हैं, गरीब को सम्मान मिल रहा है, किसान खुशहाल हैं, महिलाओं को सुरक्षा की गारंटी है, युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर हैं, हर गांव में बिजली है और हर हृदय में गर्व है। यूपी फिर से रामराज्य की आधारभूमि के रूप में नई पहचान बना रहा है।”
सपा ने न कुछ अच्छा किया, न ही अच्छा बोल पाएगी
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने जनकल्याण, रोजगार सृजन, निवेश विस्तार और सामाजिक सुरक्षा के जरिए सशक्त, सुरक्षित और समृद्ध प्रदेश के रूप में नई पहचान बनाई है। लक्ष्य 2029-30 तक यूपी को वन ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी बनाना है और बजट भी उसी दिशा में पेश किया गया है।
उन्होंने सपा पर तंज कसते हुए कहा, बजट के बारे में समाजवादी पार्टी अच्छा नहीं बोल पाई, क्योंकि अच्छा करने के लिए उनके पास समय ही नहीं है। उन्होंने न अच्छा किया और न ही अच्छा बोलेंगे। मुख्यमंत्री ने संवैधानिक संस्थाओं के प्रति विपक्ष के रवैये की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के नेता अपने बयानों से जातीय संघर्ष बढ़ा रहे हैं। वे समाज को आपस में लड़ाने, आस्था का अपमान करने, गुंडागर्दी और अराजकता फैलाने के साथ ही संवैधानिक मूल्यों पर प्रहार करने से भी नहीं चूक रहे हैं।
एसआईआर प्रक्रिया और सपा का विरोध
सीएम ने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे एसआईआर (स्पेशल इनिशिएटिव फॉर रिवीजन) अभियान का जिक्र करते हुए बताया कि 2.88 करोड़ से अधिक लोग अनुपस्थित, मृत या शिफ्ट हो चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी इनके नाम का इस्तेमाल कर फर्जी वोटिंग कराती थी। अब जब ये नाम हटाए जा रहे हैं, तो सपा फॉर्म-7 के नाम पर हंगामा कर रही है।
इसे भी पढ़ें: Basti News: यूजीसी के नए नियमों के खिलाफ छठवें दिन भी जारी रहा धरना
सीएम ने कहा, सपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता एसआईआर प्रक्रिया से जुड़े बीएलओ और अन्य लोगों से दुर्व्यवहार और मारपीट कर रहे हैं। यह संवैधानिक संस्थाओं की अवहेलना, मजाक और अपमान है। अगर हम संविधान की शपथ लेते हैं तो संवैधानिक संस्थाओं को सम्मान देना चाहिए।
शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्धियां गिनाईं
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में शिक्षा के बेहतर हालात का जिक्र करते हुए बताया कि बेसिक शिक्षा में ऑपरेशन कायाकल्प, अटल आवासीय विद्यालय, सीएम कंपोजिट विद्यालय जैसी योजनाओं से शिक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है। हर जिले में दो-दो सीएम कंपोजिट विद्यालय स्वीकृत किए गए हैं। टाटा टेक्नोलॉजी के सहयोग से 150 आईटीआई में एआई, ड्रोन और रोबोटिक जैसी इमर्जिंग टेक्नोलॉजी की पढ़ाई शुरू की गई है। प्रदेश में करीब 75 विश्वविद्यालय उच्च शिक्षा के बेहतरीन केंद्र के रूप में काम कर रहे हैं।
इसे भी पढ़ें: Bareilly News: अलंकार अग्निहोत्री ने बरेई में की नई पार्टी बनाने की घोषणा
