ट्रंप की धमकी से पहले ईरानी राष्ट्रपति बोले- 1.40 करोड़ लोग जान कुर्बान करने को तैयार

iran usa trump threat

तेहरान: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को तबाह करने की धमकी के महज कुछ घंटे पहले ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने एक बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि ईरान की जनता देश की रक्षा के लिए अपनी जान कुर्बान करने को तैयार है।

ईरानी राष्ट्रपति ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में लिखा- अब तक 14 मिलियन (1 करोड़ 40 लाख) से ज्यादा बहादुर ईरानियों ने ईरान की रक्षा के लिए अपनी जान कुर्बान करने का ऐलान कर दिया है। मैंने भी ईरान के लिए अपनी जान कुर्बान की है, कर रहा हूं और करता रहूंगा। बता दें कि ईरान की कुल आबादी लगभग 90 मिलियन (9 करोड़) है।

युवाओं को मानव श्रृंखला बनाने की सलाह

पेजेश्कियन से पहले, देश के सुप्रीम काउंसिल ऑफ यूथ एंड एडोलसेंट्स के सचिव (युवा और खेल मामलों के उपमंत्री) अलीरेजा रहीमी ने ऊर्जा संयंत्रों के बाहर प्रबुद्ध ईरानी जनों और युवाओं को मानव श्रृंखला बनाने की सलाह दी थी।

रहीमी ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा- हम सब हाथों में हाथ डालकर यह कहेंगे कि सार्वजनिक ढांचे पर हमला करना युद्ध अपराध है। इधर, इजरायल की ओर से ईरान पर हमले लगातार जारी हैं। आईडीएफ (इजरायल रक्षा बल) ने मंगलवार को लोगों को ट्रेन से सफर न करने की चेतावनी जारी की।

इसे भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश के जातिवादी राजनीतिक दलों का बेनकाब होता चेहरा

आईडीएफ ने एक्स पर बयान जारी कर कहा, प्रिय नागरिकों, आपकी सुरक्षा के लिए हम आपसे अपील करते हैं कि अभी से लेकर रात 9 बजे (ईरान समय) तक पूरे देश में ट्रेन से यात्रा न करें। ट्रेन और रेलवे लाइनों के पास मौजूदगी आपको खतरे में डाल सकती है। द टाइम्स ऑफ इजरायल के अनुसार, सेना का मानना है कि आतंकी गतिविधियों के लिए रेल मार्ग का उपयोग किया जाता है।

ट्रंप का अल्टीमेटम

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को होर्मुज स्ट्रेट खोलने के लिए मंगलवार रात 8 बजे (अमेरिकी समय) तक का समय दिया है। गौरतलब है कि होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के 20 फीसदी तेल का परिवहन करता है और ईरान ने इसे युद्ध के दौरान बंद कर रखा है। दिलचस्प बात यह है कि इजरायल की ट्रेन चेतावनी ट्रंप के अल्टीमेटम से करीब 6.5 घंटे पहले खत्म हो जाएगी।

इसे भी पढ़ें: Oracle और Meta जैसी कंपनियां AI पर लगा रही हैं दांव

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...