Basti News: छात्रा ने प्रताड़ना से तंग आकर दी जान, मौत से पहले मां को सुनाई थी आरोपी की हैवानियत
Basti News: उत्तर प्रदेश के बस्ती जनपद में मानवीय संवेदनाओं को झकझोर देने वाला एक मामला सामने आया है। यहाँ गांव के ही एक दबंग युवक और उसके परिवार की प्रताड़ना से तंग आकर 15 वर्षीय एक छात्रा ने मौत को गले लगा लिया। छात्रा की मौत के बाद गांव में सन्नाटा है, लेकिन लोगों के दिलों में आरोपियों के खिलाफ भारी आक्रोश उबल रहा है।
परिजनों का आरोप है कि गांव के ही एक युवक ने छात्रा को अपनी हवस का शिकार बनाया और फिर लोक-लाज का डर दिखाकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगा। वह बच्ची इस कदर सहम गई थी कि उसने डर के मारे स्कूल जाना तक छोड़ दिया था। वह घंटों गुमसुम अपने कमरे में बैठी रहती थी, पर परिवार को यह अंदाजा नहीं था कि वह अंदर ही अंदर किस कदर टूट चुकी है।
न्याय मांगने गई मां को मिला अपमान
तहरीर के अनुसार, जब पीड़ित की मां को इस बात का पता चला, तो वह न्याय की उम्मीद लेकर आरोपी के घर पहुंचीं। लेकिन वहां सहयोग की जगह उन्हें और उनकी बेटी को ही चरित्रहीन कहकर अपमानित किया गया। आरोपी के परिवार ने उल्टा पीड़ित परिवार को ही गांव छोड़ने की धमकी दे डाली।
छात्रा की मां ने बताया कि 19 जनवरी 2026 को जब वह घर पर नहीं थीं, तब आरोपी ने दोबारा छात्रा के साथ बलात्कार किया और उसे डराया-धमकाया। शाम को जब मां घर लौटी, तो बच्ची फूट-फूटकर रोने लगी और अपनी आपबीती सुनाई। इस अपमान और बार-बार मिलने वाले मानसिक दबाव को वह मासूम झेल नहीं पाई और अगले ही दिन 20 जनवरी को उसने आत्मघाती कदम उठा लिया।
इसे भी पढ़ें: फिल्मों के ऑफर्स ठुकराने पर अमृता फडणवीस ने तोड़ी चुप्पी
घटना के बाद से ग्रामीणों में जबरदस्त गुस्सा है। लोगों का कहना है कि आरोपी पहले भी लड़कियों को परेशान करता रहा है। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल नंबर कब्जे में ले लिया है, जिससे वह छात्रा को मैसेज और कॉल कर डराता था।
डीएसपी कुलदीप सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कहा है कि केस दर्ज कर लिया गया है और साक्ष्य जुटाने के लिए टीमें लगा दी गई हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आरोपी और उसके परिवार में से जो भी इस साजिश में शामिल है, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
इसे भी पढ़ें: रोजे में जानें शारीरिक संबंध और Kiss से जुड़े जरूरी इस्लामिक नियम
