Basti News: माँ के निधन के बाद 15 लाख के स्त्रीधन की चोरी का आरोप, सवालों के घेरे में नगर पुलिस

brothers accused of stealing jewelry

Basti News: थाना नगर क्षेत्र के करहली खुर्द गांव में एक शर्मनाक मामला सामने आया है, जहाँ माँ के निधन के बाद भाइयों के बीच प्रेम के बजाय संपत्ति और गहनों को लेकर जंग छिड़ गई है। पीड़ित राजकुमार ने अपने ही सगे भाइयों और परिजनों पर माँ के कमरे का ताला तोड़कर करीब 15 लाख रुपये के जेवरात गायब करने का गंभीर आरोप लगाया है। न्याय की गुहार लेकर पीड़ित ने अब पुलिस अधीक्षक (SP) का दरवाजा खटखटाया है।

क्या है पूरा विवाद

पीड़ित राजकुमार के अनुसार, उनकी माता ललई देवी का निधन बीते 21 दिसंबर, 2025 को इलाज के दौरान हुआ था। अंतिम संस्कार के बाद पाँचों भाइयों में सहमति बनी थी कि तेरहवीं और अन्य रस्मों के बाद माँ के गहनों (स्त्रीधन) और सामान का बराबर बंटवारा किया जाएगा।

लेकिन, 4 जनवरी, 2026 की रात बंटवारे को लेकर बात बिगड़ गई। आरोप है कि भाई सुरेश कुमार, भूपेश कुमार और उनकी पत्नियों ने राजकुमार के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। सूचना पर पहुंची 112 पुलिस सबको थाने ले गई और अगले दिन शांति भंग की धारा में चालान कर दिया गया।

राजकुमार का आरोप है कि जमानत पर छूटने के बाद भी माँ के कमरे पर ताला लटका था और वे बंटवारे का इंतजार कर रहे थे। 11 जनवरी को जब वह किसी काम से बस्ती शहर गए थे, तभी पीछे से कमरे का ताला तोड़ दिया गया। पीड़ित का दावा है कि बृजेश कुमार और अन्य परिजनों ने कमरे में रखा सारा सामान और करीब 14 से 15 लाख रुपये कीमत के जेवरात निकाल लिए और अपने घर में रख लिए।

पुलिस की भूमिका पर उठ रहे सवाल

हैरानी की बात यह है कि घटना की सूचना 12 जनवरी को ही थाना नगर पुलिस को दी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। जब इस संबंध में थाना प्रभारी से बात की गई, तो उन्होंने मामले की जानकारी होने से ही इनकार कर दिया।

इसे भी पढ़ें: भोजपुरी के अनमोल रत्न मोती बीए की 17वीं पुण्यतिथि पर साहित्यकारों का जमघट

सवाल यह उठता है कि यदि नगर पुलिस पहले ही इस मामले में शांति भंग की कार्रवाई कर चुकी है, तो अब वह घटना से अनभिज्ञता क्यों जता रही है? 15 लाख की चोरी जैसे गंभीर आरोप पर पुलिस मुकदमा दर्ज करने में देरी क्यों कर रही है? फिलहाल, पीड़ित राजकुमार ने एसपी को पत्र सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। पुलिस की सुस्ती से पीड़ित परिवार में गहरा रोष व्याप्त है।

रिपोर्ट- कर्मचंद्र यादव

इसे भी पढ़ें: जानें सही तिथि, पूजा का शुभ मुहूर्त और सरस्वती पूजन की पूरी विधि

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...