Basti News: एकतरफा प्यार में छात्रा को गोली मारने वाला आरोपी एनकाउंटर में घायल
Basti News: उत्तर प्रदेश में महिलाओं और बेटियों के खिलाफ अपराध पर सीएम योगी की जीरो टॉलरेंस नीति का असर अब गोरखपुर के पड़ोसी जिले बस्ती में देखने को मिला है। कलवारी थाना क्षेत्र के बैडारी एहतमाली गांव में 12वीं की छात्रा को घर में घुसकर गोली मारने वाले आरोपी मनदीप को पुलिस ने हाफ एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे पकड़ा जा सका।
पुलिस के मुताबिक, 12वीं की छात्रा को गोली मारने के बाद से आरोपी मनदीप फरार था। उसकी तलाश में एसओजी और स्वाट की टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। शुक्रवार तड़के मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी माझा इलाके में छिपा है और भागने की फिराक में है।
पुलिस ने जैसे ही घेराबंदी की, आरोपी ने समर्पण करने के बजाय पुलिस टीम पर अवैध असलहे से फायर झोंक दिया। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली मनदीप के दाहिने पैर में लगी और वह घायल होकर गिर गया। मौके से तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं।
इसे भी पढ़ें: शांति की अपील पर ट्रोल हुईं नोरा फतेही का करारा जवाब
यह मामला एकतरफा प्यार का बताया जा रहा है। आरोपी मनदीप गांव की ही 12वीं की छात्रा पर शादी का दबाव बना रहा था और उसे लगातार परेशान कर रहा था। छात्रा और उसके परिजनों के विरोध से नाराज होकर उसने दुस्साहस दिखाते हुए छात्रा के घर में घुसकर करीब से गोली मार दी थी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया था।
पुलिस पर भी गिरी गाज
इस संवेदनशील मामले में पुलिस की शुरुआती ढिलाई पर सवाल उठे थे। छात्रा के परिजनों ने पहले भी आरोपी की हरकतों की शिकायत की थी, लेकिन उचित कार्रवाई नहीं हुई। मामले की गंभीरता और जनता के आक्रोश को देखते हुए प्रशासन ने पहले ही बड़ी कार्रवाई की है। इस प्रकरण में घोर लापरवाही बरतने के आरोप में तत्कालीन थाना प्रभारी और विवेचक को लाइन हाजिर कर दिया गया था।
इसे भी पढ़ें: ईरान में जंग के बीच मौलाना कल्बे जवाद के बेटे-बहन भी फंसे
