IIT वाले बाबा विवाह के बंधन बंधे, कर्नाटक की इंजीनियर से की शादी, अब बनाएंगे सनातन यूनिवर्सिटी

iit baba abhay singh marriage pratika

झज्जर: महाकुंभ में आईआईटी वाले बाबा के नाम से मशहूर हुए अभय सिंह ने शादी कर ली है। उन्होंने कर्नाटक की रहने वाली इंजीनियर प्रतीका से विवाह किया है। यह खुलासा तब हुआ जब वह अपनी पत्नी के साथ हरियाणा के झज्जर में अपने पिता से मिलने पहुंचे। अभय ने बताया कि उन्होंने 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर हिमाचल प्रदेश के अघंजर महादेव मंदिर में शादी की, जिसके बाद 19 फरवरी को कोर्ट मैरिज भी की।

पिता के चैंबर में पहुंचे बेटे-बहू, लोगों ने खींची सेल्फी

अभय सिंह मूलरूप से हरियाणा के झज्जर जिले के सासरौली गांव के रहने वाले हैं। सोमवार को वह अपनी पत्नी प्रतीका के साथ झज्जर तहसील स्थित अपने पिता कर्ण सिंह के चैंबर में पहुंचे, जो एक वकील हैं और झज्जर बार एसोसिएशन के प्रधान भी रह चुके हैं। इस मौके पर अभय के साथ सेल्फी लेने वालों की भीड़ लग गई और कई लोगों ने उनके साथ पुरानी यादें ताजा कीं।

अभय ने मीडिया से बातचीत में कहा, मैं पहले भी पिताजी के चैंबर में बैठा करता था। पढ़ाई के दिनों में यहां आकर देखता था कि कौन सा केस कैसे तैयार होता है। आज पिताजी के चैंबर में आकर बहुत अच्छा लगा।

पत्नी ही लेकर आई केवाईसी अपडेट करने

अभय ने बताया कि वह अपना बैंक खाते की केवाईसी अपडेट करवाने झज्जर आए थे और पिता का आशीर्वाद भी लिया। उन्होंने कहा, प्रतीका बेंगलुरु की रहने वाली हैं। पत्नी ही आज मुझे यहां लेकर आई हैं। हम दोनों एक ही विजन पर साथ काम कर रहे हैं।

अभय सरल, ईमानदार और सच्चे इंसान हैं : पत्नी

प्रतीका ने कहा कि उनकी मुलाकात अभय से करीब एक साल पहले हुई थी। उन्होंने कहा, अभय काफी सरल स्वभाव के हैं। वह बेहद ईमानदार और सच्चे इंसान हैं। मैंने इंजीनियरिंग की है और अब हम सनातन को आगे बढ़ाने का काम करेंगे।

अब बनाएंगे सनातन यूनिवर्सिटी

अभय सिंह ने बताया कि वह श्री यूनिवर्सिटी बनाने पर काम कर रहे हैं, जहां सांसारिक ज्ञान के साथ-साथ आध्यात्मिक साधना पर भी फोकस होगा। उन्होंने कहा, हम एक सनातन यूनिवर्सिटी बनाएंगे। अध्यात्म से जुड़े गुरु, साधकों को एक जगह पर एकत्रित करने की कोशिश रहेगी। यहां सिखाने वाला ज्ञान और साधना वाला ज्ञान दोनों पर फोकस रहेगा।

इसे भी पढ़ें: UP Election 2027: निषाद वोटों पर टिकी सियासी नैया

फिलहाल अभय सिंह अपनी पत्नी के साथ हिमाचल प्रदेश में रह रहे हैं। वहीं, सोशल मीडिया पर आईआईटी वाले बाबा की शादी की खबर को लेकर काफी चर्चा है। हालांकि, अभय के परिजनों की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

गौरतलब है कि महाकुंभ के दौरान अभय सिंह का एक वीडियो जमकर वायरल हुआ था, जिसमें वह संन्यासी के वेश में कह रहे थे कि उन्होंने आईआईटी से पढ़ाई की है। इसी के चलते वह आईआईटी वाले बाबा के नाम से चर्चित हो गए थे। अब उन्होंने गृहस्थ जीवन अपना लिया है।

इसे भी पढ़ें: अशोक खरात पर एक और गंभीर केस

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...