अवनीश अवस्थी को चौथी बार मिला सेवा विस्तार, अब 2027 तक रहेंगे मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार
Lucknow News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सबसे करीबी और अनुभवी सलाहकार, रिटायर्ड आईएएस अधिकारी अवनीश अवस्थी के कार्यकाल को एक और साल के लिए बढ़ा दिया है। राज्यपाल की मंजूरी के बाद जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, अब वे 28 फरवरी, 2027 तक इस अहम पद पर बने रहेंगे। यह चौथी बार है जब सरकार ने उनकी सेवाओं को जारी रखने का फैसला लिया है।
1987 बैच के अधिकारी अवनीश अवस्थी की गिनती मुख्यमंत्री के ‘संकटमोचक’ के तौर पर होती है। उनकी कार्यक्षमता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मुख्यमंत्री के हालिया सिंगापुर और जापान दौरे पर भी वे साये की तरह उनके साथ रहे। शुक्रवार तड़के मुख्यमंत्री के लखनऊ लौटते ही उनके सेवा विस्तार का आदेश जारी होना, शासन में उनके ऊंचे कद को दर्शाता है।

एक्सप्रेसवे और ऑक्सीजन मैनेजमेंट में रहा लोहा
अवनीश अवस्थी ने यूपी के प्रशासनिक ढांचे में कई मील के पत्थर स्थापित किए हैं।
एक्सप्रेसवे किंग: यूपीडा (UPEIDA) के सीईओ के रूप में उन्होंने पूर्वांचल और बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे को रिकॉर्ड समय में पूरा कराया। गंगा एक्सप्रेसवे को भी अंतिम रूप देने में उनकी भूमिका अहम है।
लंबा कार्यकाल: उन्होंने गृह विभाग को सबसे लंबे समय तक संभाला और कानून-व्यवस्था में सुधार के लिए जाने गए।
कोरोना काल के योद्धा: महामारी के दौरान ऑक्सीजन सप्लाई और मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर को खड़ा करने में उनके प्रबंधन की वैश्विक स्तर पर सराहना हुई थी।
इसे भी पढ़ें: Oceanography Quiz: अनंत रहस्यों से भरे महासागर
अब कंधों पर 1 ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी की जिम्मेदारी
चौथी बार मिले इस विस्तार के साथ अवनीश अवस्थी के सामने अब और भी बड़ी चुनौतियां हैं। सरकार के 1 ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी के सपने को सच करने के लिए उन्हें इन मोर्चों पर काम करना होगा।
विदेशी निवेश: सिंगापुर और जापान से आए करीब ढाई लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारना।
औद्योगिक विकास: नए औद्योगिक गलियारों को विकसित करना और परियोजनाओं की कड़ी मॉनिटरिंग करना।
चुनावी लक्ष्य: अगले साल होने वाले चुनावों से पहले अधूरी बड़ी परियोजनाओं को समय पर पूरा कर जनता को समर्पित करना।
इसे भी पढ़ें: Hindu marriage: विवाह में सात फेरे ही क्यों लेते हैं!
