मथुरा: उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी भले ही अपना अस्तित्व तलाश रही हो पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने बड़ा दावा कर सबको चौका दिया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सोमवार को वृंदावन के गोविंद विहार में आयोजित कानपुर और आगरा मंडल के प्रखर स्तर के कार्यकर्ताओं के दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के समापन सत्र को संबोधित करते हुए यह दावा किया है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि वर्ष 2022 में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही इस बात को लेकर आप लोग निश्चिंत हो जाइए।

उन्होंने कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देते हुए कहा कि आप लोग जनता से सीधे तौर पर जुड़िए, उनसे संवाद कीजिए। उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष कीजिए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि संघर्ष का तरीका लोकतांत्रिक होना चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत कीजिए, लोगों को राष्ट्रवादी नीति के तहत कराए गए कार्यों की जानकारी दीजिए। वही पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ती मंहगाई और बेरोजगारी को लेकर जनता में मिठाई बांट कर अच्छे दिनों की बधाई दी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध का अनूठा तरीका निकालकर लोगों का ध्यान अपने तरफ आकर्षित किया।

इसे भी पढ़ें: बीजेपी के 12 विधायक निलंबित, गाली देने का आरोप

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में 2022 में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसका लेकर सभी राजनीतिक दल सक्रिय हो गए हैं और सभी अपनी पार्टी की सरकार बनाने का दावा कर रहे हैं। मजे की बात यह भी है कि सभी राजनीतिक दल भाजपा से ही खुद की लड़ाई मान रहे हैं, जो यह साबित करता है कि प्रदेश में बीजेपी अभी भी मजबूत स्थिति में हैं। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव हर उस दल से हाथ मिलाने के तैयार हैं, जो बीजेपी को हराने के लिए उनके साथ आना चाह रहा है। वहीं मायावती ने भी ऐलान कर दिया है कि प्रदेश में वह अकेले दम पर चुनाव लडेंगी। ऐसे में कांग्रेस की तरफ से प्रदेश में सरकार बनाने का दावा करना अदभुत तो है, पर असंभव नहीं कहा जा सकता। क्योंकि सियासी ऊंट कब किस करवट बैठेगा इसका सटीक अंदाजा पहले से नहीं लगाया जा सकता।

इसे भी पढ़ें: राफेल डील को लेकर सरकार पर हमलावर हुई कांग्रेस

Spread the news