बार बालाओं के साथ एसडीएम-पुलिस का नंगा नाच, वीडियो वायरल होने पर हुई कार्रवाई
Newschuski Digital Desk: छत्तीसगढ़ का देवभोग क्षेत्र, जो जगन्नाथ पुरी को भोग भेजने के लिए पवित्र माना जाता है, आज एक शर्मनाक घटना से सुर्खियों में है। यहां मैनपुर विकासखंड के रुमाल गांव में ओपेरा और मनोरंजन के नाम पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां खुलेआम नंगा नाच और अश्लीलता का प्रदर्शन हुआ। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस आयोजन में खुद मैनपुर के एसडीएम डॉ. तुलसीदास मरकाम और कुछ पुलिसकर्मी भी मौज-मस्ती और पैसे लुटाते हुए नजर आए।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि बार बालाओं द्वारा अश्लील नृत्य करवाया जा रहा था। इस दौरान एसडीएम तुलसीदास मरकाम मंच के पास खड़े होकर नोटों की झड़ी लगा रहे थे और झूम रहे थे। कुछ पुलिसकर्मी भी वहां मौजूद थे और उन्हें भी बार बालाओं के साथ अश्लील हरकतें करते देखा गया। बताया जा रहा है कि इस आयोजन के लिए एसडीएम कार्यालय से ही अनुमति ली गई थी और सोशल मीडिया पर खुलेआम दर्शकों को आमंत्रित किया गया था।
साय के कथित सुशासन का शर्मनाक चेहरा…
खुद को संस्कारी कहने वाली भाजपा पार्टी की सरकार में छत्तीसगढ़ की पवित्र संस्कृति को तार-तार किया जा रहा है, और SDM, पुलिस इसे रोकने के बजाय वहाँ बैठकर नोट उड़ा रहे हैं। pic.twitter.com/f0FrAsqLwT
— INC Chhattisgarh (@INCChhattisgarh) January 12, 2026
घटना सामने आते ही गरियाबंद के कलेक्टर श्रीभगवान सिंह यूईके ने तत्काल सख्त कदम उठाए। एसडीएम को कलेक्ट्रेट अटैच कर दिया गया है और उनके खिलाफ जांच शुरू की गई है। वीडियो में दिख रहे तीन पुलिस कर्मियों को लाइन अटैच किया गया है। आयोजन समिति के सदस्यों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बार बालाओं के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।
इसे भी पढ़ें: पीएम मोदी और जर्मन चांसलर ने आतंकवाद के खिलाफ मिलकर लड़ने का लिया संकल्प
इसे भी पढ़ें: दरभंगा की अंतिम महारानी कामसुंदरी देवी का निधन
