Miss Universe 2026: पाकिस्तान की मिस्बाह अरशद स्विमसूट राउंड में ऐसा करने वाली बनीं पहली मॉडल

Miss Universe 2026

Miss Universe 2026: मिस यूनिवर्स 2026 प्रतियोगिता में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करने वाली मिस्बाह अरशद भले ही टॉप-30 में जगह नहीं बना सकीं, लेकिन उन्होंने अपने नाम एक ऐसा रिकॉर्ड दर्ज करा लिया है, जिसकी चर्चा अब दुनियाभर में हो रही है। प्रतियोगिता के स्विमसूट राउंड में टू-पीस स्विमसूट पहनकर उन्होंने इतिहास रच दिया। ऐसा करने वाली वह पाकिस्तान की पहली मॉडल बन गई हैं। उनकी इस उपलब्धि को देश में एक बड़े बदलाव के तौर पर भी देखा जा रहा है।

मिस्बाह के प्रतियोगिता से बाहर होने के बावजूद मिस यूनिवर्स ऑर्गनाइजेशन ने उनके प्रदर्शन की सराहना की। संगठन ने सोशल मीडिया पर उनकी तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने पूरे सफर के दौरान पाकिस्तान को गौरवान्वित किया। उनकी खूबसूरती, आत्मविश्वास और हौसले ने प्रतियोगिता के हर पल को यादगार बनाया।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Official Miss Universe Pakistan (@missuniversepakistan)

लाहौर में जन्मीं, जर्मनी में बनाई पहचान

मिस्बाह अरशद का जन्म पाकिस्तान के लाहौर में हुआ था। हालांकि, मौजूदा समय में वह जर्मनी के म्यूनिख में रहती हैं। फैशन और ब्यूटी इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने के साथ-साथ उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में भी उपलब्धि हासिल की है। मिस्बाह ने जर्मनी की यूनिवर्सिटी ऑफ हेगन से मनोविज्ञान की पढ़ाई की है।

उनके मॉडलिंग करियर को बड़ी पहचान साल 2023 में मिली, जब उन्होंने ‘मिस पाकिस्तान वर्ल्ड 2023’ का खिताब अपने नाम किया। इसके बाद वह ‘मिस इंटरनेशनल’ प्रतियोगिता में पाकिस्तान की पहली आधिकारिक प्रतिनिधि बनीं। उन्होंने मिस ऑरा इंटरनेशनल 2023 और मिस सुप्रानेशनल 2024 जैसे अंतरराष्ट्रीय सौंदर्य प्रतियोगिताओं में भी हिस्सा लिया। इन उपलब्धियों ने उन्हें वैश्विक फैशन जगत में एक अलग पहचान दिलाई।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Official Miss Universe Pakistan (@missuniversepakistan)

मिस यूनिवर्स के मंच तक पहुंचने का सपना हुआ पूरा

मिस यूनिवर्स 2026 में हिस्सा लेने के लिए जब मिस्बाह प्यूर्टो रिको रवाना हुईं, तो उन्होंने अपनी खुशी सोशल मीडिया के जरिए जाहिर की थी। उन्होंने बताया था कि यह उनके लंबे समय से देखे जा रहे सपनों में से एक है। उन्होंने इस मौके के लिए आभार जताते हुए कहा था कि वह हर सुबह इस बात के लिए शुक्रगुजार रहेंगी कि उन्हें अपने सपने को जीने का अवसर मिला।

इस प्रतियोगिता के दौरान मिस्बाह ने सिर्फ अपनी मॉडलिंग प्रतिभा ही नहीं दिखाई, बल्कि पाकिस्तान की संस्कृति और परंपराओं को भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया। स्वागत समारोह में उन्होंने पाकिस्तान के गुलाबी लिली फूल से प्रेरित गुलाबी और हरे रंग का परिधान पहना। उनके मुताबिक, यह फूल संघर्षों से लड़ने की शक्ति और नारीत्व का प्रतीक है।

नेशनल कॉस्ट्यूम राउंड में दिखा पाकिस्तानी संस्कृति का रंग

मिस यूनिवर्स के नेशनल कॉस्ट्यूम राउंड में मिस्बाह ने पाकिस्तान के राष्ट्रीय पशु मारखोर से प्रेरित विशेष परिधान पहना। उन्होंने इसे अपने देश की बहादुरी, ताकत और खूबसूरती का प्रतीक बताया। वहीं, प्रतियोगिता के प्रिलिमिनरी राउंड में वह समुद्र की लहरों से प्रेरित आकर्षक गाउन में नजर आईं। इस खास ड्रेस को वियतनाम के डिजाइनर गुयेन तिएन ट्रुयेन ने तैयार किया था।

इसे भी पढ़ें: ॐ प्रिंटेड बीच-रैप पहनकर विवादों में घिरीं केंडल जेनर

मिस यूनिवर्स इंडिया को दी बधाई, तस्वीरें भी कीं साझा

प्रतियोगिता के दौरान मिस्बाह अरशद ने भारत की ओर से हिस्सा लेने वाली कजिया लिज मेजो के साथ भी तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने उन्हें मिस यूनिवर्स इंडिया का ताज मिलने पर बधाई दी। हालांकि, मिस यूनिवर्स 2026 में मिस्बाह का सफर टॉप-30 तक नहीं पहुंच सका, लेकिन टू-पीस स्विमसूट राउंड में पाकिस्तान की पहली मॉडल बनने की उपलब्धि ने उन्हें खास पहचान दिला दी। उनका यह सफर अंतरराष्ट्रीय मंच पर आत्मविश्वास और अपनी सांस्कृतिक पहचान पेश करने की मिसाल बन गया।

इसे भी पढ़ें: जेनिफर बैरेटो बनीं विश्व सुंदरी, अमेरिकी रक्षा विभाग में दे चुकी हैं सेवा

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को Like व Twitter व Instagram पर Follow करना न भूलें...