UK में 70 नाबालिग लड़कियों का यौन शोषण करने वाले भारतीय मूल के बिलाल काजी को 30 साल की जेल
लंदन: ब्रिटेन में नाबालिग लड़कियों को सोशल मीडिया के जरिए निशाना बनाकर उनका यौन शोषण करने वाले भारतीय मूल के 27 वर्षीय बिलाल काजी (Bilal Qazi) को 30 साल की जेल की सजा सुनाई गई है। चेस्टर विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले काजी ने बच्चों की अश्लील तस्वीरें बनाने, ब्लैकमेल करने और नाबालिगों को यौन गतिविधियों के लिए उकसाने समेत 37 आरोपों में अपना जुर्म स्वीकार किया था। ब्रिटिश अधिकारियों ने उसे सीरियल ऑनलाइन ग्रूमर बताया है।
जांच के मुताबिक, अगस्त 2021 से अगस्त 2025 के बीच काजी ने स्नैपचैट, रोब्लॉक्स और विंक जैसे सोशल मीडिया और गेमिंग प्लेटफॉर्म के जरिए 10 से 17 वर्ष की लड़कियों को निशाना बनाया। वह ऑनलाइन अपनी पहचान छिपाकर उनसे संपर्क करता था और धीरे-धीरे उन्हें अपने जाल में फंसा लेता था।
14 साल का लड़का बनकर जीतता था भरोसा
काजी ने सोशल मीडिया पर खुद को ‘रीस’ नाम का 14 वर्षीय श्वेत ब्रिटिश लड़का बताया था। इसके लिए उसने एक किशोर की तस्वीरों का इस्तेमाल किया, ताकि लड़कियों को लगे कि वे अपनी उम्र के किसी लड़के से बात कर रही हैं। भरोसा कायम होने के बाद वह उनसे निजी तस्वीरें और वीडियो मांगने लगता था।
बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, जब लड़कियां उसकी मांगों को मानने से इनकार करती थीं, तो वह प्यार और रिश्ते का हवाला देकर उन्हें मनाने की कोशिश करता था। बाद में वह पहले भेजी गई तस्वीरों और वीडियो को दोस्तों तथा परिवार के बीच साझा करने की धमकी देकर उन्हें ब्लैकमेल करता था।
तस्वीरें और वीडियो लीक कर देता था आरोपी
जांच में सामने आया कि कुछ मामलों में काजी ने पीड़ित लड़कियों के सोशल मीडिया अकाउंट तक हैक कर लिए थे। इसके बाद उनकी निजी तस्वीरें और वीडियो दोस्तों के बीच साझा किए गए और कुछ सामग्री ऑनलाइन भी पोस्ट की गई। उसने स्नैपचैट पर भेजे गए कुछ कंटेंट को गुप्त रूप से रिकॉर्ड किया और बाद में उसी के जरिए लड़कियों को धमकाया।
एक किशोरी की शिकायत से शुरू हुई जांच
इस मामले की जांच एक किशोरी की शिकायत के बाद शुरू हुई। उसने पुलिस को बताया कि स्नैपचैट पर उसकी बातचीत एक ऐसे लड़के से शुरू हुई थी, जिसे वह अपनी उम्र का समझती थी। धीरे-धीरे बातचीत का स्वरूप बदल गया और आरोपी उससे आपत्तिजनक तस्वीरें मांगने लगा।
जब लड़की ने बातचीत खत्म करने और तस्वीरें भेजने से इनकार किया, तो काजी ने उसे अपशब्द कहे और धमकी दी कि पहले भेजी गई तस्वीरें सार्वजनिक कर देगा। इस डर से लड़की कुछ समय तक उसकी मांगें मानती रही। बाद में उसका अकाउंट हैक कर लिया गया और निजी सामग्री उसके दोस्तों तक पहुंचा दी गई।
शिकायत के बाद जांच चेशायर कॉन्स्टेबुलरी को सौंपी गई। अधिकारियों को पता चला कि आरोपी का आखिरी ज्ञात पता चेस्टर में था। हालांकि, वह शहर और विश्वविद्यालय छोड़ चुका था। 21 जुलाई 2023 को ब्रिटेन लौटने पर उसे हीथ्रो एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया।
28 पुलिस बलों की जांच में मिले 70 पीड़ित
जांच अधिकारियों ने आरोपी के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से मिले यूजरनेम और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल की। इस दौरान ब्रिटेन के 45 पुलिस बलों में से 28 के अधिकार क्षेत्र में आने वाली 70 पीड़ित लड़कियों की पहचान हुई। अपराध के समय इनकी उम्र 11 से 17 वर्ष के बीच थी। पुलिस ने सभी पहचानी गई पीड़ितों से संपर्क कर उन्हें अपने अनुभव साझा करने का अवसर दिया।
इसे भी पढ़ें: निहत्थे कारसेवकों को नहीं भूली अयोध्या
जज ने कहा- तुम बेहद खतरनाक इंसान हो
13 नवंबर को सजा सुनाते हुए जज स्टीफन एवरेट ने काजी के अपराधों को गंभीर बताते हुए कहा कि उसने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की कमजोरियों का फायदा उठाकर असुरक्षित बच्चों को निशाना बनाया। जज ने कहा कि आरोपी ने बच्चों के घरों तक में उनकी सुरक्षा की भावना को प्रभावित किया।
अदालत ने आरोपी को बेहद खतरनाक व्यक्ति बताते हुए कहा कि उसने बच्चों का भरोसा जीतने के लिए सुनियोजित तरीके अपनाए और फिर उन्हें ऐसी गतिविधियों में शामिल होने के लिए मजबूर किया, जिनके परिणामों को समझने की उम्र भी उनकी नहीं थी। अदालत को सजा कम करने का कोई पर्याप्त आधार नहीं मिला। बिलाल काजी को पैरोल के योग्य होने से पहले कम से कम 20 साल जेल में बिताने होंगे। उसे जीवनभर यौन अपराधियों की सूची में भी दर्ज रहना होगा। पैरोल पर रिहाई मिलने की स्थिति में उसे आठ साल तक निर्धारित शर्तों का पालन करना होगा।
इसे भी पढ़ें: ईरान में महिलाओं ने उठाई बंदूकें
