निहत्थे कारसेवकों को नहीं भूली अयोध्या, अखिलेश के दौरे से पहले पोस्टर वार
Lucknow News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के प्रस्तावित अयोध्या दौरे को लेकर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। 12 दिसंबर को परिवार के साथ रामलला के दर्शन करने के ऐलान के बाद अब इस मुद्दे पर पोस्टर वार भी शुरू हो गया है। रविवार सुबह लखनऊ में भाजपा कार्यालय के बाहर लगाया गया एक होर्डिंग चर्चा का विषय बना हुआ है। इसमें अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर सवाल उठाए गए हैं।
पोस्टर पर लिखा है, ‘निहत्थे कारसेवकों के नरसंहार को नहीं भूली अयोध्या’। होर्डिंग में एक तरफ अखिलेश यादव की तस्वीर है, जबकि दूसरी ओर एक साधु की तस्वीर लगाई गई है। इसके साथ ही समाजवादी पार्टी के चर्चित PDA नारे की नई व्याख्या करते हुए लिखा गया है- P यानी पहले प्रायश्चित, D यानी फिर दर्शन और A यानी फिर आशीर्वाद।
भाजपा नेता ने लगवाया पोस्टर
जानकारी के मुताबिक, यह होर्डिंग बस्ती जिले के रामनगर विकास खंड से जुड़े भाजपा नेता अभिषेक त्रिपाठी की ओर से लगवाया गया है। पोस्टर के जरिए समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव को तत्कालीन सपा सरकार के दौरान अयोध्या में कारसेवकों पर हुई गोलीबारी की घटना की याद दिलाई गई है। भाजपा और उससे जुड़े संगठन पहले भी इस मुद्दे को लेकर सपा पर निशाना साधते रहे हैं।
इसे भी पढ़ें: 26 जनवरी तक एक लाख से अधिक युवाओं को देंगे नियुक्ति पत्र
12 दिसंबर को परिवार के साथ अयोध्या जाएंगे अखिलेश
दरअसल, अयोध्या के पूर्व विधायक और सपा नेता पवन पांडेय ने हाल ही में घोषणा की थी कि अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अपने परिवार के साथ अयोध्या पहुंचेंगे और रामलला के दर्शन करेंगे। उनके मुताबिक, राम जन्मभूमि मंदिर जाने से पहले सपा प्रमुख हनुमानगढ़ी में दर्शन कर आशीर्वाद लेंगे। इसके बाद वह अयोध्या के साधु-संतों से भी मुलाकात कर सकते हैं।
पोस्टर पर सपा की प्रतिक्रिया का इंतजार
अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे की घोषणा के बाद से ही प्रदेश में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा नेता इस दौरे को लेकर लगातार सवाल उठा रहे हैं। अब लखनऊ में लगे इस नए पोस्टर ने सियासी बहस को और हवा दे दी है। हालांकि, पोस्टर को लेकर समाजवादी पार्टी की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
इसे भी पढ़ें: ईरान में महिलाओं ने उठाई बंदूकें
