कुरआन पढ़ाने वाले मौलाना पर छात्रा से दुष्कर्म का आरोप, आपत्तिजनक वीडियो बनाकर देता था धमकी
Lucknow News: राजधानी के सआदतगंज इलाके में एक 11 वर्षीय बच्ची के साथ यौन शोषण का गंभीर मामला सामने आया है। बच्चों को कुरआन पढ़ाने वाले मौलाना कारी इमरान पर आरोप है कि उसने पढ़ाई के बहाने बच्ची को करीब एक साल तक अपनी हवस का शिकार बनाया। इतना ही नहीं, उसने बच्ची के आपत्तिजनक वीडियो भी बनाए और उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर चुप रहने के लिए मजबूर करता रहा। चाइल्ड लाइन की गोपनीय शिकायत और मोबाइल से मिले कथित वीडियो साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मस्जिद और घर में वारदात को अंजाम देने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, आरोपी कारी इमरान सआदतगंज के मंसूरनगर इलाके का रहने वाला है। वह अपने घर के सामने स्थित मस्जिद में मोहल्ले के बच्चों को कुरआन पढ़ाता था। पीड़िता भी पिछले करीब एक साल से उसके पास पढ़ने जाती थी। बच्ची के पिता ने पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया है कि आरोपी ने पढ़ाई के बहाने मस्जिद और अपने घर में कई बार बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान उसने बच्ची के आपत्तिजनक वीडियो भी अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिए। इन वीडियो को सार्वजनिक करने की धमकी देकर वह बच्ची को लगातार डराता रहा।
चाइल्ड लाइन की गोपनीय शिकायत से खुला मामला
इस मामले की जानकारी करीब एक सप्ताह पहले चाइल्ड लाइन की कोऑर्डिनेटर जया को गोपनीय शिकायत के माध्यम से मिली थी। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए टीम ने अपने स्तर पर जांच शुरू की। इसी दौरान शिकायतकर्ता की मदद से आरोपी के मोबाइल फोन में मौजूद बच्ची के कुछ आपत्तिजनक वीडियो हासिल किए गए। इसके बाद चाइल्ड लाइन ने तत्काल सआदतगंज पुलिस को मामले की जानकारी दी।
परिजनों के सामने बच्ची ने बताई आपबीती
साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस और चाइल्ड लाइन की संयुक्त टीम पीड़िता के घर पहुंची। टीम ने परिजनों को पूरे मामले की जानकारी दी और उन्हें बरामद वीडियो भी दिखाए। इसके बाद परिवार ने बच्ची से बातचीत की तो उसने रोते हुए अपने साथ हुई घटनाओं के बारे में बताया। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार सदमे में आ गया। चाइल्ड लाइन की टीम ने परिजनों की काउंसलिंग की और उन्हें आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए प्रेरित किया।
इसे भी पढ़ें: यूपी के सियासी रंगमंच पर ओवैसी-चंद्रशेखर की जुगलबंदी!
पॉक्सो और आईटी एक्ट समेत गंभीर धाराओं में FIR
इसके बाद पीड़िता के पिता ने गुरुवार शाम सआदतगंज थाने पहुंचकर आरोपी कारी इमरान के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी दुर्गविजय सिंह के मुताबिक, पुलिस ने शिकायत के आधार पर दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट, जान से मारने की धमकी और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
अन्य बच्चों को लेकर भी पुलिस कर रही जांच
पुलिस अब इस पहलू की भी पड़ताल कर रही है कि आरोपी ने कहीं अन्य बच्चों को भी अपना शिकार तो नहीं बनाया है। चूंकि वह लंबे समय से मोहल्ले के कई बच्चों को कुरआन पढ़ा रहा था, इसलिए उसके संपर्क में रहने वाले अन्य बच्चों और उनके अभिभावकों से भी पूछताछ की जाएगी। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
इसे भी पढ़ें: राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस: भगवान बिरसा के बहाने जनजातियों के संघर्ष की याद
