इकरा हसन के बयान पर भड़के इमरान मसूद, बोले- हम भीख नहीं मांग रहे

Imran Masood Ikra Hasan

UP Politics: उत्तर प्रदेश के आगामी राजनीतिक समीकरणों को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के रिश्तों में तल्खी साफ नजर आने लगी है। सपा सांसद इकरा हसन के उस दावे पर कि बिना गठबंधन कांग्रेस का कोई वजूद नहीं है, कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने तीखा हमला बोला है। इमरान मसूद ने दो टूक शब्दों में कहा कि कांग्रेस किसी के आगे हाथ नहीं फैला रही है; जिसे साथ नहीं चलना, न चले।

उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि चुनावी बारात में ढोल-नगाड़े बजाने और नाचने-गाने वालों की कोई कमी नहीं होती है। ऐसे बयानबाज़ों की बातों पर ध्यान दिए बिना कांग्रेस अपने काम पर लगी हुई है और धरातल पर अपने कैडर तथा जनाधार को मजबूत करने में जुटी है।

अपनी ही पार्टी में अप्रासंगिक हो चुके हैं शिवपाल यादव

सपा नेता शिवपाल यादव द्वारा कांग्रेस के जनाधार पर उठाए गए सवालों का जवाब देते हुए इमरान ने कहा कि शिवपाल सिंह अपनी ही पार्टी के भीतर हाशिए पर चले गए हैं और पूरी तरह अप्रासंगिक हो चुके हैं। उनके बयानों का तब तक कोई अर्थ नहीं है, जब तक वे अपनी बात अपनी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व (अखिलेश यादव) से न कहें।

इसे भी पढ़ें: चित्रकूट धाम श्रीराम मंदिर में स्वामी शिवाधर दुबे महाराज का आगमन

कांग्रेस नेताओं के बेतुके बयानों से BJP को फायदा

दूसरी ओर, इस बयानबाजी पर समाजवादी पार्टी भी हमलावर मोड में आ गई है। सपा सांसद रमाशंकर राजभर ने कांग्रेस नेताओं की बयानबाज़ी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि ऐसे बयानों से ‘इंडिया गठबंधन’ आहत और कमजोर होता है, जिसका सीधा फायदा भारतीय जनता पार्टी (BJP) को मिलता है।

गठबंधन का फैसला केवल राहुल और अखिलेश करेंगे

राजभर ने स्पष्ट किया कि यूपी और बिहार में कांग्रेस कितने पानी में है, यह बात किसी से छिपी नहीं है। उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस के गठबंधन का अंतिम फैसला केवल अखिलेश यादव और राहुल गांधी के स्तर पर ही होगा, निचले स्तर पर नेताओं द्वारा दबाव बनाने की राजनीति करने से कोई नतीजा नहीं निकलेगा।

इसे भी पढ़ें: लखनऊ यूनिवर्सिटी के पूर्व छात्र जस्टिस विक्रम नाथ होंगे देश के अगले CJI

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को Like व Twitter व Instagram पर Follow करना न भूलें...