Gonda News: अंतिम संस्कार के दौरान मगरमच्छ का शिकार बना युवक, 24 घंटे बाद मिला शव

gonad crocodile attack

Gonda News: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में सरयू नदी के तट पर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। अंतिम संस्कार में शामिल होने आए एक युवक को नदी में स्नान करते वक्त मगरमच्छ ने अपना शिकार बना लिया। करीब 24 घंटे की खोजबीन के बाद गुरुवार को उसका शव घटनास्थल से लगभग दो किलोमीटर दूर पानी से बरामद हुआ। शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में मातम छा गया।

दीपक ने कार चलाकर नोएडा से किया था सफर

ग्रेटर नोएडा के सिग्मा परी चौक निवासी 30 वर्षीय दीपक अपनी सास उर्मिला देवी के दाह संस्कार में शामिल होने के लिए बुधवार सुबह खुद कार चलाकर गोंडा पहुंचा था। दीपक एक निजी कंपनी में कंप्यूटर ऑपरेटर था और करीब सात साल पहले उसकी शादी रेखा से हुई थी। दंपति की चार साल की एक बेटी भी है।

इसे भी पढ़ें: लखनऊ मेयर के वित्तीय व प्रशासनिक अधिकार सीज, पार्षद के मामले में हाई कोर्ट ने सुनाया फैसला

दाह संस्कार की रस्म पूरी होने के बाद जब परिवार और रिश्तेदार सरयू नदी में स्नान कर रहे थे, तभी पानी में छिपे मगरमच्छ ने दीपक को अचानक अपनी गिरफ्त में ले लिया और गहरे पानी में खींच ले गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ही पलों में दीपक आंखों से ओझल हो गया। घटना की सूचना पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने कई घंटों तक सर्च ऑपरेशन चलाकर गुरुवार को शव बरामद किया। प्रभारी निरीक्षक चंदन कुमार ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इसे भी पढ़ें: यूपी चुनाव 2027 की तैयारी: बीजेपी विधायकों के रिपोर्ट कार्ड की जांच शुरू

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...