ईरान से पांच दिनों में हो सकता है समझौता, अमेरिकी हमले टाले जाने का ऐलान, ट्रंप ने कहा- बातचीत सकारात्मक
वाशिंगटन: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि ईरान से पांच दिनों के भीतर कभी भी समझौता हो सकता है। सोमवार को फॉक्स बिजनेस नेटवर्क से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि ईरान समझौते के लिए बहुत उत्सुक है और यह डील पांच दिनों या उससे भी कम समय में हो सकती है।
ट्रंप ने बताया कि अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर तथा उनके ईरानी समकक्षों के बीच सबसे हालिया बातचीत रविवार रात हुई थी। उन्होंने इन वार्ताओं को ‘सकारात्मक और उत्पादक’ बताया।
पांच दिन के लिए टाले गए सैन्य हमले
ट्रंप ने कहा कि चल रही बातचीत की प्रगति को देखते हुए उन्होंने ईरान के ऊर्जा ढांचे पर किसी भी सैन्य हमले को पांच दिनों के लिए स्थगित करने का निर्देश दिया है। यह जानकारी उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर भी साझा की।
ट्रंप ने लिखा, मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि पिछले दो दिनों में अमेरिका और ईरान के बीच पश्चिम एशिया में आपसी दुश्मनी को पूरी तरह खत्म करने के संबंध में बहुत अच्छी और सार्थक बातचीत हुई है। इन गहरी, विस्तृत और रचनात्मक बातचीत को देखते हुए मैंने युद्ध विभाग को निर्देश दिया है कि ईरान के ऊर्जा संयंत्रों और ऊर्जा अवसंरचनाओं पर सभी सैन्य हमले पांच दिनों के लिए टाल दिए जाएं।
ईरान ने कहा- ट्रंप पीछे हटे
इससे पहले ट्रंप ने ईरान को अल्टीमेटम दिया था कि 48 घंटे के भीतर होर्मुज जलडमरूमध्य नहीं खोला गया तो अमेरिका ईरान के ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर हमले करेगा। इस चेतावनी पर ईरान ने तीखी प्रतिक्रिया दी थी और कहा था कि यदि उसके ऊर्जा ढांचे को निशाना बनाया गया तो वह पूरे पश्चिम एशिया में ऊर्जा और जल अवसंरचना पर जवाबी हमले करेगा।
ट्रंप के नए बयान के बाद ईरान ने आधिकारिक तौर पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है, लेकिन काबुल स्थित ईरानी दूतावास ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान की कड़ी चेतावनी के बाद हमले टालने का निर्णय लिया। वहीं, ईरान की तस्नीम समाचार एजेंसी ने टिप्पणी करते हुए कहा कि ट्रंप पीछे हट गए।
इसे भी पढ़ें: Ashok Kharat Baba: अप्सरा बताकर महिला का यौन शोषण
क्षेत्र में शांति की उम्मीद
अमेरिकी राष्ट्रपति ने उम्मीद जताई कि जारी चर्चाओं से क्षेत्र में शत्रुता का पूर्ण समाधान निकल सकता है। गौरतलब है कि ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव चरम पर है और होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने को लेकर बातचीत तेज हुई है।
अब देखना यह है कि आने वाले पांच दिनों में दोनों देशों के बीच बातचीत किस दिशा में आगे बढ़ती है और क्या वास्तव में एक समझौता हो पाता है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय की निगाहें इन वार्ताओं पर टिकी हैं।
इसे भी पढ़ें: प्रयागराज के कोल्ड स्टोरेज में धमाके के साथ दीवार गिरी, 9 मजदूरों की मौत
