Iran-Israel war: ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई हमले में घायल

iran israel war mojtaba khamenei injured

Iran-Israel war: ईरान और इजरायल के बीच जारी जंग के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता अली खामेनेई के बेटे और हाल ही में घोषित नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई के घायल होने की खबर है। ईरान के सरकारी टीवी पर प्रसारित एक रिपोर्ट ने इस खबर को और चर्चा में ला दिया है।

टाइम्स ऑफ इजरायल के मुताबिक, सरकारी टीवी पर खबर पढ़ते समय एंकरों ने मोजतबा खामेनेई के लिए “जानबाज” शब्द का इस्तेमाल किया। फारसी भाषा में इस शब्द का इस्तेमाल आमतौर पर उस व्यक्ति के लिए किया जाता है जो युद्ध में दुश्मन के हमले में घायल हुआ हो। हालांकि, रिपोर्ट में यह साफ नहीं किया गया कि वे किस हमले में घायल हुए और उनकी हालत फिलहाल कैसी है।

रमजान वॉर में घायल हुए मोजतबा

ईरान के सरकारी चैनल पर प्रसारित खबर में मौजूदा संघर्ष को “रमजान वॉर” बताया गया। इसी रिपोर्ट में मोजतबा खामेनेई का जिक्र करते हुए कहा गया कि वे इस युद्ध में घायल हुए हैं। हालांकि, टीवी रिपोर्ट में यह नहीं बताया गया कि उन्हें चोट कब और कहां लगी। न ही उनकी स्थिति के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी दी गई। लेकिन दावा किया जा रहा है कि वो बुरी तरह घायल हैं।

गौरतलब है कि जंग शुरू होने के बाद से मोजतबा खामेनेई सार्वजनिक रूप से दिखाई भी नहीं दिए हैं। इसी बीच उन्हें रातोंरात ईरान का नया सुप्रीम लीडर घोषित किए जाने की खबर सामने आई थी।

28 फरवरी का हमला और परिवार की मौत

मौजूदा संघर्ष की शुरुआत 28 फरवरी को हुई थी, जब तेहरान में इजरायल के एक बड़े एयर स्ट्राइक की खबर आई। इस हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की मौत हो गई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसी हमले में मोजतबा खामेनेई के परिवार के अन्य सदस्य भी मारे गए। जानकारी के मुताबिक, उनकी पत्नी और बेटी की भी मौत हो गई थी। इस घटना के बाद ईरान की राजनीति में अचानक बड़ा सत्ता परिवर्तन देखने को मिला।

नए सुप्रीम लीडर की घोषणा के बाद बढ़ा तनाव

अली खामेनेई की मौत के बाद ईरान की सत्ता संरचना में तेजी से बदलाव हुआ और मोजतबा खामेनेई को नया सुप्रीम लीडर घोषित कर दिया गया। इस फैसले पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। इजरायल और अमेरिका ने पहले ही चेतावनी दी थी कि अगर बिना किसी प्रक्रिया के नया सुप्रीम लीडर चुना गया तो उसे निशाना बनाया जा सकता है। इजरायली नेताओं ने यहां तक कहा था कि ईरान का जो भी नया सुप्रीम लीडर बनेगा, उसे दुनिया के किसी भी कोने में खोजकर खत्म किया जा सकता है।

कौन हैं मोजतबा खामेनेई

मोजतबा खामेनेई लंबे समय से ईरान की सत्ता के बेहद करीब रहे हैं, हालांकि वे कभी किसी बड़े सरकारी पद पर नहीं रहे। वे मुख्य रूप से सुप्रीम लीडर के कार्यालय के अंदर काम करते थे और उन्हें सत्ता के “पावर ब्रोकर” के रूप में देखा जाता था।

सिर्फ 17 साल की उम्र में उन्होंने ईरान-इराक युद्ध में हिस्सा लिया था। 1990 के दशक के आखिर में वे पहली बार सार्वजनिक चर्चा में आए। उनकी पहचान दो वजहों से खास रही है- पहला, ईरान की शक्तिशाली सैन्य संस्था इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के साथ उनका मजबूत संबंध, और दूसरा, सुधारवादी राजनीति और पश्चिमी देशों के साथ नरमी के खिलाफ उनका कड़ा रुख।

इसे भी पढ़ें: ऐतिहासिक रहा नेपाल का चुनाव, प्रभावी रही पुलिस की विशेष रणनीति

2009 के विवादित राष्ट्रपति चुनाव के बाद हुए विरोध प्रदर्शनों को दबाने में भी उनकी भूमिका होने के आरोप लगे थे। 2019 में डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकाल के दौरान अमेरिका ने उन पर प्रतिबंध भी लगाया था।

मोजतबा खामेनेई के घायल होने की खबर ने ईरान की राजनीति और युद्ध की स्थिति को और जटिल बना दिया है। अगर उनकी चोट गंभीर है तो सत्ता संतुलन पर भी असर पड़ सकता है। फिलहाल ईरान की तरफ से उनकी स्थिति को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। दुनिया की नजर अब इस बात पर टिकी है कि ईरान का नया सुप्रीम लीडर कब सार्वजनिक रूप से सामने आता है और युद्ध के इस दौर में आगे क्या फैसला लेता है।

इसे भी पढ़ें: शरजील इमाम को मिली अंतरिम जमानत

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...