CM योगी ने लॉन्च किया पिंक रोजगार महाकुंभ, मेधावी छात्राओं को जल्द मिलेंगी मुफ्त स्कूटी
Lucknow News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रदेश की महिलाओं के लिए सौगातों की झड़ी लगा दी। उन्होंने पिंक रोजगार महाकुंभ-2026 का शुभारंभ किया और घोषणा की कि नवरात्रि से ‘मिशन शक्ति’ का अगला चरण शुरू होगा। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि आधी आबादी को नजरअंदाज करके कोई भी समाज आत्मनिर्भर नहीं बन सकता।
शिक्षा और स्वावलंबन, लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना
बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने बताया कि सरकार जल्द ही ‘लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना’ शुरू करने जा रही है।
पहला चरण: स्नातक (Graduation) और परास्नातक (Post Graduation) के फाइनल ईयर की मेधावी बेटियों को मुफ्त स्कूटी दी जाएगी।
कन्या सुमंगला योजना: बेटी के जन्म से लेकर स्नातक तक की पढ़ाई के लिए अब 25,000 रुपये का पैकेज दिया जा रहा है, जिससे वर्तमान में 27 लाख बेटियां लाभान्वित हो रही हैं।

सुरक्षा और पुलिस बल में भागीदारी
सीएम योगी ने गर्व से बताया कि 2017 तक यूपी पुलिस में केवल 10 हजार महिलाकर्मी थीं, जिनकी संख्या अब बढ़कर 44 हजार से अधिक हो गई है। उन्होंने दो-टूक कहा, बेटी की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों को इस धरती पर जगह नहीं मिलेगी। प्रदेश के विभिन्न शहरों जैसे अयोध्या, सहारनपुर और बरेली में 500 की क्षमता वाले वर्किंग वूमेन हॉस्टल भी बनाए जा रहे हैं।
आंगनबाड़ी और आशा वर्करों को सौगात
मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, आशा वर्करों और रसोइयों के लिए बड़े फैसले लिए।
कैशलेस इलाज: अब इन सभी को 5 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलेगी।
मानदेय में वृद्धि: आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के मानदेय को परफॉर्मेंस के आधार पर और भी सम्मानजनक बनाया जाएगा। उन्हें स्मार्ट फोन दिए गए हैं ताकि वे अपना कार्य डिजिटल रूप में अपलोड कर सकें।

गाँव-गाँव खुलेगा रोजगार का रास्ता
डिजिटल इंटरप्रेन्योर योजना: प्रदेश की सभी 8000 न्याय पंचायतों में यह योजना लागू होगी, जिससे हजारों महिलाएं डिजिटल रूप से जुड़कर आत्मनिर्भर बनेंगी।
ओडीओसी (One District-One Cuisine): ओडीओपी की सफलता के बाद अब ‘एक जिला-एक व्यंजन’ योजना के माध्यम से महिलाओं को खान-पान के क्षेत्र में नए अवसर दिए जाएंगे।
इसे भी पढ़ें: भारत में अरबपतियों की संख्या बढ़कर 308 हुई, दुनिया में तीसरे स्थान पर पहुंचा देश
शी-मार्ट: महिला स्वयंसेवी समूहों द्वारा बनाए गए उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने के लिए न्याय पंचायत स्तर पर सेंटर स्थापित किए जाएंगे।
सीएम योगी ने चित्रकूट की एक घटना का जिक्र करते हुए भावुक अंदाज में कहा कि पहले एक ही घर में बेटा जूते पहनकर स्कूल जाता था और बेटी नंगे पांव। इसी को देखते हुए सरकार ने यूनिफॉर्म, बैग और जूते-मोजे मुफ्त देने का फैसला किया। आज यूपी की बेटियां न केवल स्कूल जा रही हैं, बल्कि यूपीएससी जैसे कठिन इम्तिहानों में भी टॉप कर रही हैं।
इसे भी पढ़ें: पत्रकार हत्याकांड में राम रहीम बरी, हाई कोर्ट ने पलटा निचली अदालत का फैसला
