Basti News: यूजीसी के नए नियमों के खिलाफ छठवें दिन भी जारी रहा धरना, बोले प्रदर्शनकारी- जाति में बांटना खतरनाक
Basti News: यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन (यूजीसी) के नए नियमों को वापस लेने की मांग को लेकर मेधा पार्टी का धरना बस्ती में लगातार छठवें दिन भी जारी रहा। गांधी कला भवन स्थित बापू प्रतिमा के निकट यह अनिश्चितकालीन धरना पार्टी के युवा प्रदेश अध्यक्ष रूद्र आदर्श पाण्डेय के नेतृत्व में चल रहा है।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यूजीसी द्वारा लाए गए नए नियम उच्च शिक्षा परिसरों में समानता को बढ़ावा देने की बजाय छात्रों को जातियों में बांटने का काम कर रहे हैं। मेधा पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता दीन दयाल त्रिपाठी ने कहा, यह कानून भेदभाव पैदा करने वाला है। जब तक इसे वापस नहीं लिया जाता, हमारा आंदोलन जारी रहेगा।
छठवें दिन धरने पर बैठे युवा प्रदेश अध्यक्ष रूद्र आदर्श पाण्डेय ने कहा, यूजीसी का यह निर्णय छात्रों को जातियों में बांटने वाला है, जो बेहद खतरनाक है। हम शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रख रहे हैं और आखिरी दम तक इसके खिलाफ लड़ते रहेंगे।
इसे भी पढ़ें: अलंकार अग्निहोत्री ने बरेई में की नई पार्टी बनाने की घोषणा
धरने के छठवें दिन कार्यक्रम में मुख्य रूप से सूर्य कुमार शुक्ल, अभदेव शुक्ल, रामरीका पाण्डेय, उमेश पाण्डेय ‘मुन्ना’, वृजेश द्विवेदी, राकेश कुमार पाण्डेय, संतोष शुक्ल, रवि कुमार शुक्ल, कृपाशंकर त्रिपाठी, विनोद तिवारी, रामकृष्ण, मोनू दूबे, अमर उपाध्याय, पदुमनाथ सिंह, महेंद्रनाथ पाण्डेय, संजय, हरिगोविंद मिश्र, सचिन त्रिपाठी, अजय पाण्डेय, शुभम पाण्डेय और आदर्श सिंह सहित कई कार्यकर्ता शामिल रहे।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण है और वे जल्द ही इस मुद्दे को लेकर जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को भी ज्ञापन भेजेंगे। बापू प्रतिमा के निकट चल रहे इस धरने के कारण क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी भी बढ़ गई है।
इसे भी पढ़ें: हरियाणा के पलवल में दूषित पानी से 15 दिन में 12 लोगों की मौत
