पूर्व सेना प्रमुख की अप्रकाशित किताब लीक मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दर्ज की एफआईआर

general naravane book leak

नई दिल्ली: पूर्व सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे की अप्रकाशित किताब ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’ के ऑनलाइन लीक होने का मामला गंभीर हो गया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने इस मामले में औपचारिक रूप से एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दरअसल, पुलिस ने सोशल मीडिया और कुछ न्यूज प्लेटफॉर्म्स पर इस किताब की ‘प्री-प्रिंट’ कॉपी के फैलने की खबरों पर संज्ञान लिया। जांच में पाया गया कि ‘पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया’ द्वारा तैयार इस पुस्तक की एक पीडीएफ कॉपी कुछ वेबसाइटों पर उपलब्ध है। साथ ही, कुछ ऑनलाइन मार्केटप्लेस ने इसके कवर को ऐसे प्रदर्शित किया था, जैसे कि किताब बिक्री के लिए आ चुकी हो।

इसे भी पढ़ें: राष्ट्रीय स्पेशल ओलंपिक्स एथलेटिक्स में लखनऊ के रुद्रांश शर्मा व मयंक चौबे ने जीते स्वर्ण पदक

अधिकारियों के मुताबिक, इस किताब को प्रकाशित करने के लिए जरूरी आधिकारिक मंजूरी अभी तक नहीं मिली थी। पुलिस अब जांच कर रही है कि बिना मंजूरी के यह किताब ऑनलाइन पहुंची कैसे और क्या इससे किसी सुरक्षा प्रोटोकॉल का उल्लंघन हुआ है।

इस मामले ने तब और हवा पकड़ी जब विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने पिछले हफ्ते संसद परिसर में इस किताब की एक प्रति दिखाते हुए लद्दाख मुद्दे को उठाया था। इस घटना के बाद लोकसभा में हंगामा हुआ था और आठ सांसदों को सत्र के शेष समय के लिए निलंबित भी किया गया था।

इसे भी पढ़ें: चीन में अब महिलाओं पर ज्यादा बच्चे पैदा करने का सरकारी दबाव

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...