राष्ट्रीय स्पेशल ओलंपिक्स एथलेटिक्स में लखनऊ के रुद्रांश शर्मा व मयंक चौबे ने जीते स्वर्ण पदक, यूपी को मिले 18 पदक
Lucknow News: रोहतक स्थित महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में आयोजित राष्ट्रीय स्पेशल ओलंपिक्स एथलेटिक्स प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 18 पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया। इनमें 7 स्वर्ण, 7 रजत एवं 4 कांस्य पदक शामिल हैं।
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 27 राज्यों से 500 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया, जहाँ उत्तर प्रदेश टीम का प्रदर्शन सराहनीय रहा। लखनऊ के खिलाड़ी रुद्रांश शर्मा एवं मयंक चौबे ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किए। रुद्रांश शर्मा ने स्टैंडिंग लॉन्ग जंप स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता, जबकि मयंक चौबे ने रनिंग लॉन्ग जंप स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल कर प्रदेश को गौरवान्वित किया।

इसे भी पढ़ें: चीन में अब महिलाओं पर ज्यादा बच्चे पैदा करने का सरकारी दबाव
उत्तर प्रदेश टीम के कोच संदीप पाल ने जानकारी देते हुए बताया कि खिलाड़ियों ने नियमित अभ्यास, अनुशासन और कड़ी मेहनत के दम पर यह सफलता प्राप्त की है। इस उपलब्धि पर स्पेशल ओलंपिक्स उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष मुकेश शुक्ला, एरिया डायरेक्टर संजीव दोहरे, स्टेट कोऑर्डिनेटर इंद्रपाल सिंह एवं ट्रेनिंग इंचार्ज मनोज सिंह ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वहीं आर्मी पब्लिक स्कूल, एलबीएस मार्ग, लखनऊ की प्रिंसिपल साधना देवी ने रुद्रांश शर्मा, मयंक चौबे एवं उनके परिजनों को राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतने पर शुभकामनाएँ दीं तथा उत्तर प्रदेश टीम के कोच संदीप पाल को भी इस सफलता के लिए बधाई दी।
इसे भी पढ़ें: संसद की गरिमा को बचाने की जरूरत
